



मेयर पदभार ग्रहण से पहले आज आयुक्त सिद्धार्थ पलानीचामी से करेंगे मुलाकात, उपमहापौर पदभार समारोह की तैयारियां पूरी
बीकानेर। नगर निगम बीकानेर को गुरुवार को नया नेतृत्व मिलने जा रहा है। नवनिर्वाचित मेयर अनिल कल्ला गुरुवार दोपहर 12:15 बजे नगर निगम कार्यालय में विधिवत पदभार ग्रहण करेंगे। पदभार ग्रहण से पहले वे बुधवार को नगर निगम आयुक्त सिद्धार्थ पलानीचामी से मुलाकात कर निगम के कार्यों और आगामी योजनाओं पर चर्चा करेंगे।
अनिल कल्ला पूर्व मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला के भतीजे हैं। उनके पदभार ग्रहण समारोह को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल है। बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों और समर्थकों के कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है।
वहीं, भाजपा के नवनिर्वाचित उपमहापौर पंकज गहलोत भी गुरुवार को दोपहर 3:15 बजे नगर निगम कार्यालय में पदभार ग्रहण करेंगे। भाजपा मीडिया संयोजक कमल गहलोत ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि पदभार ग्रहण समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
नगर निगम में एक ही दिन मेयर और उपमहापौर के पदभार ग्रहण के साथ शहर को नया प्रशासनिक नेतृत्व मिलेगा। अब शहर के विकास कार्यों, सफाई व्यवस्था, आधारभूत सुविधाओं और जनहित से जुड़े मुद्दों पर नई टीम की कार्यशैली पर सभी की नजर रहेगी।



