रोटरी की जनछवि को नई पहचान देने बीकानेर में जुटेंगे 1500 से ज्यादा रोटेरियन, 27 सितंबर को होगा ‘प्रतिष्ठा’ सेमिनार

समाज

पब्लिक इमेज, सेवा प्रकल्पों की प्रभावी प्रस्तुति और समाज से बेहतर जुड़ाव पर होगा मंथन; राजस्थान रीजन के क्लबों की होगी भागीदारी

बीकानेर। रोटरी की जनछवि को और अधिक सशक्त बनाने, सेवा कार्यों को समाज तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने तथा आमजन से बेहतर संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3053 का पब्लिक इमेज सेमिनार ‘प्रतिष्ठा’ 27 सितंबर को बीकानेर में आयोजित होगा। रोटरी क्लब बीकानेर रॉयल्स की मेजबानी में रिद्धि-सिद्धि रिसोर्ट में होने वाले इस सेमिनार में राजस्थान रीजन के विभिन्न रोटरी क्लबों के 1500 से अधिक रोटेरियन भाग लेंगे। आयोजन का नेतृत्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर ब्रिजमोहन अग्रवाल करेंगे।

कॉन्फ्रेंस चेयरमैन डॉ. मनोज कुड़ी ने बताया कि सेमिनार में रोटरी की पब्लिक इमेज, सेवा कार्यों की प्रभावी प्रस्तुति, समाज की जरूरतों के अनुरूप प्रकल्पों की योजना तथा सकारात्मक संवाद जैसे विषयों पर पूर्व प्रांतपालों और विशेषज्ञ वक्ताओं के साथ संवादात्मक सत्र आयोजित होंगे। क्लबों के पदाधिकारियों और सक्रिय रोटेरियनों को पब्लिक इमेज निर्माण के व्यावहारिक पहलुओं से भी अवगत कराया जाएगा।

सहायक प्रांतपाल आनंद आचार्य ने बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य रोटरी के सेवा प्रकल्पों को आमजन की जरूरतों से जोड़ना और उनके प्रभावी संप्रेषण की रणनीति तैयार करना है। विभिन्न क्लब अपने प्रमुख सेवा प्रकल्पों और नवाचारों की प्रस्तुति भी देंगे। बैठक में बीकानेर के सभी रोटरी क्लबों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी सहमति बनी।

रोटरी क्लब बीकानेर रॉयल्स के अध्यक्ष ईआर विपिन लड्ढा ने बताया कि आयोजन की तैयारियों के लिए विभिन्न समितियों का गठन कर पंजीयन, अतिथि समन्वय, मंच, आवास और अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। को-चेयरमैन सुनील चमड़िया ने बताया कि सभी समितियां समन्वय के साथ तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी हैं।

बैठक में पीडीजी अनिल माहेश्वरी, पीडीजी राजेश चूरा, डीजीएन मनीष तापड़िया, सहायक प्रांतपाल दिनेश आचार्य, गिरिराज जोशी सहित विभिन्न रोटरी क्लबों के अध्यक्षों, सचिवों एवं प्रतिनिधियों ने आयोजन को सफल बनाने के लिए सुझाव दिए। बैठक के अंत में सह-प्रांतपाल राजेश बवेजा ने सभी का आभार व्यक्त किया।