



प्रांत संघचालक हरदयाल बोले- संघ शिक्षा वर्ग साधना का केंद्र, व्यक्तित्व को कुंदन बनाने वाली कार्यशाला
बीकानेर // राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जोधपुर प्रांत की ओर से ग्रीष्मकालीन ‘संघ शिक्षा वर्ग’ 21 मई से शुरू होंगे। बीकानेर, भीनमाल और बाड़मेर में आयोजित होने वाले इन प्रशिक्षण वर्गों में प्रांतभर से चयनित स्वयंसेवक भाग लेंगे। संघ के प्रांत संघचालक हरदयाल वर्मा ने कहा कि संघ के प्रशिक्षण वर्ग स्वयंसेवकों के लिए साधना का केंद्र और व्यक्तित्व को तपाकर कुंदन बनाने वाली कार्यशाला के समान हैं।
उन्होंने बताया कि भीषण गर्मी और अनुशासित दिनचर्या के बीच स्वयंसेवक सामूहिक जीवन, आत्मीयता, बंधुत्व और राष्ट्र चेतना के संस्कारों के साथ कार्य विस्तार एवं व्यक्तित्व विकास का प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।
बीकानेर के गंगाशहर स्थित आदर्श विद्या मंदिर में वरिष्ठ आयु वर्ग के स्वयंसेवकों के लिए ‘संघ शिक्षा वर्ग (विशेष)’ आयोजित होगा। वहीं भीनमाल के आदर्श विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय में महाविद्यालय विद्यार्थियों एवं तरुण व्यवसायियों के लिए तथा बाड़मेर में शालेय विद्यार्थियों के लिए प्रशिक्षण वर्ग लगाए जाएंगे। तीनों वर्ग 21 मई से शुरू होकर भीनमाल और बाड़मेर में 6 जून सुबह तक तथा बीकानेर में 5 जून शाम तक चलेंगे।
इसी दौरान जोधपुर के हनुवंत आदर्श विद्या मंदिर, लालसागर में प्रांत स्तरीय घोष शिक्षक प्रशिक्षण वर्ग भी 21 मई से 5 जून तक आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा जयपुर में 17 मई से शुरू हो रहे ‘कार्यकर्ता विकास वर्ग-प्रथम’ में भी जोधपुर प्रांत के कार्यकर्ता भाग लेंगे। नागपुर के रेशिमबाग स्थित स्मृति मंदिर परिसर में चल रहे ‘कार्यकर्ता विकास वर्ग-द्वितीय’ में भी जोधपुर प्रांत के 26 स्वयंसेवक सहभागी हैं।
हरदयाल वर्मा ने कहा कि इन प्रशिक्षण वर्गों का उद्देश्य स्वयंसेवकों को शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक रूप से सशक्त बनाकर राष्ट्र निर्माण के कार्य में सक्रिय भूमिका के लिए तैयार करना है।



