



हल्दीराम राजकीय बालिका स्कूल में प्रतिभा सम्मान समारोह; 10वीं में 85% से अधिक अंक लाने वाली छात्राओं को भी किया सम्मानित
बीकानेर // हल्दीराम राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय अंग्रेजी माध्यम, सूरसागर में प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भारतीय डाक विभाग की ओर से आयोजित “ढाई अक्षर एक पत्र अपने रोल मॉडल के नाम” प्रतियोगिता में राज्य स्तर पर तृतीय पुरस्कार प्राप्त करने वाली पुस्तकालयाध्यक्ष श्रीमती सीमा पोपली का विशेष सम्मान किया गया।
समारोह के दौरान कक्षा 10वीं में 85 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाली मेधावी छात्राओं को भी सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। विद्यालय परिवार ने छात्राओं की शैक्षणिक उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में राजूवास बीकानेर के कुलगुरु डॉ. सुमंत व्यास, IASE के प्रधानाचार्य राम गोपाल शर्मा तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य परमेश्वर स्वामी सहित शिक्षक, विद्यार्थी और अभिभावक मौजूद रहे। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा के साथ साहित्यिक और रचनात्मक गतिविधियों में भागीदारी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है।



