स्टेपिंग स्टोन स्कूल का शानदार रिजल्ट: 10वीं में 100% परिणाम, 18 विद्यार्थियों ने 80% से ज्यादा अंक हासिल किए

शिक्षा

4 छात्रों ने 90% से अधिक अंक लाकर बढ़ाया मान, अर्पिता घाट ने 96% अंक के साथ किया टॉप; स्कूल में हुआ सम्मान समारोह

बीकानेर // मुरलीधर व्यास नगर स्थित फूलनाथ बगीची के पास संचालित स्टेपिंग स्टोन सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने एक बार फिर शानदार परीक्षा परिणाम देकर अपनी गुणवत्ता साबित की है। पिछले 8 वर्षों से लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे इस विद्यालय का इस वर्ष भी 10वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम 100 प्रतिशत रहा।

कुल 22 विद्यार्थियों में से 18 छात्रों ने 80% से अधिक अंक हासिल किए, वहीं 4 विद्यार्थियों ने 90% से ज्यादा अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। इनमें छात्रा अर्पिता घाट ने 96% अंक प्राप्त कर टॉप किया।
इस उपलब्धि पर स्कूल परिसर में अर्पिता का माल्यार्पण कर और मुंह मीठा कराकर सम्मान किया गया। इस अवसर पर शिक्षकों और अभिभावकों ने भी खुशी जताई।

स्कूल प्राचार्य शकुंतला आचार्य ने बताया कि विद्यालय सीनियर सेकेंडरी स्तर तक संचालित है और 12वीं का परिणाम भी हर वर्ष उत्कृष्ट रहता है। उन्होंने कहा कि स्कूल में पढ़ाई के साथ-साथ संस्कारों और सेल्फ स्टडी पर विशेष जोर दिया जाता है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान दौर प्रतियोगी परीक्षाओं का है, ऐसे में जब तक विद्यार्थी स्वयं पर निर्भर होकर अपने विवेक से अध्ययन नहीं करेगा, तब तक सफलता हासिल करना मुश्किल है। इसी उद्देश्य के साथ विद्यालय में छात्रों को आत्मनिर्भर बनाते हुए अध्ययन के लिए प्रेरित किया जा रहा है।