दुर्गा अष्टमी पर हुई विशेष देवी मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना

धर्म-कर्म

माता रानी को लगाया लापसी का भोग, कन्याओं का हुआ पूजन

बीकानेर // चैत्र नवरात्र के पावन पर्व पर दुर्गा अष्टमी के अवसर पर गुरुवार को शहर भर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। नगर के विभिन्न देवी मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी और माता रानी की विशेष पूजा-अर्चना की गई।

नागणेची मंदिर, करणी माता मंदिर, गायत्री माता मंदिर, त्रिपुरा सुंदरी मंदिर, सुजानदेसर स्थित काली माता मंदिर, अमर सिंह पुरा की वैष्णो देवी मंदिर, जयपुर रोड स्थित वैष्णो धाम तथा लक्ष्मीनाथ जी मंदिर परिसर की चामुंडा माता मंदिर सहित प्रमुख देवी स्थलों पर भक्तों ने विधि-विधान से पूजा कर सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिरों में दिनभर भक्तों का आना-जाना लगा रहा और “जय माता दी” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने घरों में भी विशेष पूजा-अर्चना की। माता रानी को प्रसन्न करने के लिए लापसी बनाकर भोग लगाया गया, जिसे प्रसाद के रूप में परिवारजनों और आसपास के लोगों में वितरित किया गया। इसके साथ ही कन्या पूजन का भी विशेष महत्व रहा। श्रद्धालुओं ने छोटी-छोटी कन्याओं को माता का स्वरूप मानकर उनका पूजन किया, उन्हें भोजन करवाया और उपहार भेंट किए।

पूरे शहर में दुर्गा अष्टमी का पर्व उत्साह और आस्था के साथ मनाया गया। मंदिरों में साज-सज्जा, भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों ने माहौल को और भी श्रद्धामय बना दिया। श्रद्धालुओं ने माता रानी से परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।