



बीकानेर। श्री जैन पब्लिक स्कूल (एसजेपीएस) की पूर्व छात्रा तान्या सावनसुखा ने सीबीएसई 12वीं बोर्ड परीक्षा में ऑल इंडिया प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय, परिवार और बीकानेर का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। तान्या प्री-नर्सरी से लेकर 11वीं कक्षा तक एसजेपीएस में अध्ययनरत रहीं। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर विद्यालय परिसर में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
समारोह में तान्या एवं उनके परिवार का माला, साफा, स्मृति चिन्ह और पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया गया। विद्यालय परिवार और विद्यार्थियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच उनका स्वागत किया।
विद्यालय अध्यक्ष विजय कुमार कोचर ने कहा कि तान्या की सफलता निरंतर मेहनत, अनुशासन, समर्पण और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। उन्होंने कहा कि तान्या ने यह सिद्ध कर दिया कि लक्ष्य के प्रति समर्पण हो तो सफलता अवश्य मिलती है।
विद्यालय सचिव माणक कोचर ने इसे विद्यालय के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए कहा कि तान्या की उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनेगी।
प्रधानाचार्या रूपश्री सिपानी ने तान्या की शैक्षणिक यात्रा का उल्लेख करते हुए बताया कि वह प्रारंभ से ही मेधावी छात्रा रही हैं। उन्होंने विद्यालय द्वारा प्रदान किए गए “राइजिंग स्टार” सम्मान सहित तान्या की विभिन्न उपलब्धियों की जानकारी साझा की।
इस अवसर पर तान्या की माता विनीता सावनसुखा भावुक हो उठीं। उन्होंने कहा, “एक समय मैं तान्या को स्कूल लेकर आई थी, आज तान्या हमें सम्मान दिलाने स्कूल लेकर आई है।” उनके शब्दों ने समारोह में उपस्थित सभी लोगों को भावुक कर दिया।
तान्या सावनसुखा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने शिक्षकों, माता-पिता और विद्यालय से मिले संस्कारों को दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालय ने उन्हें केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा भी दी।
कार्यक्रम का संचालन शिमला चौधरी ने किया।



