बड़ा गोपालजी मंदिर में झूलोत्सव की छटा, राधा-कृष्ण भजनों से भक्त हुए भाव-विभोर

धर्म-कर्म

बीकानेर // दम्माणी चौक स्थित बड़ा गोपालजी मंदिर में सावन माह के उपलक्ष्य में छोटी तीज से बड़ी तीज तक पारंपरिक झूलोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। मंदिर में भगवान का विशेष श्रृंगार कर आकर्षक झूला सजाया गया है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु झूलन दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं।

मंदिर के पुजारी सन्नू महाराज ने बताया कि झूलोत्सव के दौरान प्रतिदिन भगवान का मनमोहक श्रृंगार किया जा रहा है तथा विधिवत पूजा-अर्चना के साथ धार्मिक आयोजन संपन्न हो रहे हैं। आयोजन में मान्यता, पूजा स्वामी, मानसी, खुशी, वर्षा, हेमलता व्यास, वरुण स्वामी सहित अनेक श्रद्धालु व्यवस्थाओं में सक्रिय सहयोग दे रहे हैं।

झूलोत्सव के तहत आयोजित भजन संध्या में भक्त झंवरलाल व्यास ने सावन और राधा-कृष्ण की भक्ति से ओतप्रोत भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। ‘सावन की बरसी ठंडी फुहार, पेड़ों पर लगी झूलों की कतार’ और ‘राधा झूला झूल रही संग श्याम’ जैसे भजनों पर श्रद्धालु भक्ति रस में डूबकर झूम उठे।

कार्यक्रम में रामकुमार पारीक, डॉ. नरेंद्र कल्ला, इंद्र कुमार व्यास सहित मंदिर से जुड़े श्रद्धालुओं और सेवाभावी कार्यकर्ताओं का विशेष सहयोग रहा। झूलोत्सव के दौरान मंदिर परिसर में प्रतिदिन भक्तिमय वातावरण बना हुआ है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन एवं धार्मिक आयोजनों में भाग ले रहे हैं।