राजीव गांधी ने युवाओं पर जताया भरोसा, 18 साल में दिया मतदान का अधिकार : संजय आचार्य

राजनीति

गांधी दर्शन की जिला व प्रदेश स्तरीय टीमें निकालेंगी पैदल मार्च, लोगों के दुख-दर्द में बनेंगी सहभागी

बीकानेर // महात्मा गांधी जीवन दर्शन संस्थान, बीकानेर की ओर से गुरुवार को रानी बाजार स्थित गंगोत्री कॉम्प्लेक्स में पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की जयंती पर श्रद्धांजलि सभा एवं ‘वर्तमान भारत की दशा और दिशा’ विषय पर संगोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम में संस्थान के प्रदेश संयोजक श्यामसुंदर जोशी मुख्य अतिथि रहे। विक्रम स्वामी एवं जोधपुर से आए गौतम जी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

जिला संयोजक संजय आचार्य ने स्वागत भाषण देते हुए कहा कि राजीव गांधी युवाओं की क्षमता और ऊर्जा पर सबसे अधिक विश्वास करते थे। उन्होंने 18 वर्ष के युवाओं को मतदान का अधिकार दिलाया तथा देश में कंप्यूटर और सूचना प्रौद्योगिकी क्रांति की नींव मजबूत की। उन्होंने महिला सशक्तीकरण पर जोर देते हुए महिलाओं को पुरुषों के समान सम्मान और अधिकार देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की।
आचार्य ने वर्तमान राजनीतिक एवं सामाजिक परिस्थितियों पर भी विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी अपने अधिकारों और मुद्दों को लेकर सजग है। कार्यक्रम में बीकानेर के सभी ब्लॉकों से आए चार-चार सदस्यों तथा शहर के 21 सदस्यों का स्वागत किया गया।

प्रदेश संयोजक श्यामसुंदर जोशी ने महात्मा गांधी के जीवन, विचार और दर्शन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गांधी दर्शन को जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में गांधी दर्शन की जिला स्तरीय टीमें तथा प्रदेश स्तरीय समिति अपने-अपने जिलों में और पूरे प्रदेश में पैदल मार्च निकालेंगी। इन यात्राओं के माध्यम से लोगों के बीच पहुंचकर उनके दुख-दर्द में सहभागी बनने का प्रयास किया जाएगा।

विशिष्ट अतिथि विक्रम स्वामी ने सर्वोदय के विचार पर प्रकाश डालते हुए ‘जय जगत’ गीत प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में श्याम नारायण रंगा, नवनीत अशोक आचार्य, युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल जादूसंग, मनोज व्यास, राजकुमारी व्यास, अरविंद व्यास, ताराचंद जोशी, संतोष व्यास, शिव बोड़ा, एजाज जाकिर पठान, अनरदीन, मुमताज शेख, रजनी बिश्नोई, दुर्गा बिश्नोई, शांति रामावत, नवनीत कौर सहित अन्य ने विचार रखे और गांधी दर्शन को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन नितिन वत्सस ने किया।