बीकानेर आएंगे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, सीमा चौकी सांचू जाएंगे, जवानों से करेंगे संवाद; महिला बैरकों का ई-उद्घाटन भी करेंगे

राजनीति

बीकानेर // केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 25 मई को दो दिवसीय दौरे पर बीकानेर पहुंचेंगे। वे दिल्ली से विशेष विमान द्वारा रात 10:20 बजे बीकानेर हवाई अड्डे पहुंचेंगे, जिसके बाद रात 10:45 बजे सीमा सुरक्षा बल सेक्टर मुख्यालय पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे। उनके दौरे को लेकर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

26 मई को अमित शाह सुबह 10:20 बजे सीमा सुरक्षा बल सेक्टर मुख्यालय से हेलीकॉप्टर द्वारा सीमा चौकी सांचू के लिए रवाना होंगे। यहां वे सुबह 11:10 बजे से 11:40 बजे तक आयोजित कार्यक्रम में वृक्षारोपण करेंगे तथा सीमा सुरक्षा बल के जवानों के साथ सैनिक सम्मेलन और संवाद कार्यक्रम में भाग लेंगे। इस दौरान सीमा सुरक्षा और जवानों के मनोबल से जुड़े विषयों पर चर्चा होने की संभावना है।

दोपहर 12:40 बजे अमित शाह महिला बैरकों के ई-उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर 12:50 बजे से 2 बजे तक उनका मध्याह्न भोजन निर्धारित है। वहीं दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक बैठक के लिए समय आरक्षित रखा गया है। शाम 4 बजे से 6 बजे तक अन्य कार्यक्रम प्रस्तावित हैं।

दौरे के अंत में केंद्रीय गृह मंत्री शाम 6:25 बजे बीकानेर हवाई अड्डे से दिल्ली के लिए रवाना होंगे। अमित शाह के दौरे को देखते हुए प्रशासनिक अमला, पुलिस और सीमा सुरक्षा बल अधिकारियों की ओर से सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा की जा रही है।