


बीकानेर संभाग स्तरीय बैठक में सांसदों, विधायकों व पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा
बीकानेर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका मजबूत, अनुशासित और सक्रिय संगठन है। बूथ जितना सशक्त होगा, संगठन उतना ही प्रभावी बनेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की रीति-नीति को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और बूथ स्तर तक सक्रिय रहने का आह्वान किया।

शुक्रवार को बीकानेर संभाग कार्यालय में आयोजित संभाग स्तरीय संगठनात्मक बैठक में वर्तमान एवं पूर्व सांसदों, विधायकों, प्रदेश पदाधिकारियों तथा संभाग के सभी जिलों के पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक गतिविधियों एवं आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक की शुरुआत जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों के परिचय से हुई।
बूथ से लेकर जिले तक की गतिविधियों की समीक्षा
अजेय कुमार ने जिला, मंडल और बूथ स्तर पर संगठन की कार्यशैली की जानकारी ली। उन्होंने ‘मन की बात’ कार्यक्रम, मासिक संगठनात्मक बैठकों, बूथ स्तर की सक्रियता तथा विभिन्न अभियानों की समीक्षा करते हुए सभी इकाइयों को नियमित रूप से संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संगठन की योजनाओं की सफलता कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और जनता से निरंतर संवाद पर निर्भर करती है।
वरिष्ठ नेताओं की रही मौजूदगी
बैठक का संचालन प्रदेश प्रकोष्ठ संयोजक विजेंद्र पुनिया ने किया। संभाग प्रभारी डॉ. मिथलेश गौतम ने स्वागत भाषण दिया, जबकि प्रदेश प्रभारी बिहारी लाल बिश्नोई ने आभार व्यक्त किया।
मंच पर पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, कैबिनेट मंत्री सुमित गोदारा, प्रदेश महामंत्री भूपेन्द्र सैनी, कैलाश मेघवाल, सुरेन्द्र पाल सिंह टी.टी., प्रदेश मंत्री अपूर्वा सिंह, प्रदेश कोषाध्यक्ष पंकज गुप्ता तथा प्रदेश आईटी संयोजक अविनाश जोशी मौजूद रहे।
संभाग के सभी जिलों के पदाधिकारी हुए शामिल
बैठक में पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास, भाजपा शहर जिलाध्यक्ष सुमन छाजेड़, देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया, हनुमानगढ़ जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू, चूरू जिलाध्यक्ष बसंत शर्मा, श्रीगंगानगर जिलाध्यक्ष शरण पाल सिंह सहित बीकानेर संभाग के सांसद, विधायक, जिला प्रभारी, पूर्व जिला अध्यक्ष, जिला महामंत्री एवं बड़ी संख्या में संगठन के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।



