आशापुरा मंदिर में डांडियों की खनक, आज दशमी पर मां का होगा स्वर्ण शृंगार

धर्म-कर्म

51 किलो पुष्पों से सजेगा दरबार, हवन व नवदुर्गा पूजन के साथ होगी नवरात्र महोत्सव की पूर्णाहुति, श्रद्धालुओं के लिए बनेगा कढ़ाई प्रसाद

बीकानेर // नत्थूसर गेट के बाहर स्थित मां आशापुरा मंदिर में शारदीय नवरात्र महोत्सव पूरे भक्तिभाव और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। महाअष्टमी की संध्या पर मंदिर परिसर डांडियों की खनक और मां के जयकारों से गूंज उठा। विशेष शृंगार से सुसज्जित मां आशापुरा के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े और महाआरती में भाग लेकर सुख-समृद्धि की कामना की।

दशमी के अवसर पर मंदिर में विशेष धार्मिक आयोजन होंगे। मां आशापुरा की प्रतिमा का स्वर्ण वर्क से भव्य शृंगार किया जाएगा, वहीं पूरे मंदिर परिसर और दरबार को 51 किलो पुष्पों से सजाकर आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा। श्रद्धालुओं के लिए यह दृश्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।

मंदिर प्रांगण में नवदुर्गा पूजन, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन तथा श्रद्धालुओं द्वारा आहुतियां अर्पित की जाएंगी। इन धार्मिक अनुष्ठानों के साथ नवरात्र महोत्सव की पूर्णाहुति होगी। आयोजन के समापन पर श्रद्धालुओं के लिए पारंपरिक कढ़ाई प्रसाद का भी वितरण किया जाएगा।

आयोजन से जुड़े विष्णु कुमार बिस्सा, वल्लभ जोशी, नरसिंह महाराज, राजकुमार एवं पंकज व्यास ने बताया कि दशमी पर होने वाले सभी कार्यक्रमों की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से मां आशापुरा के दर्शन कर धार्मिक आयोजनों में भाग लेने की अपील की।