दीनदयाल पार्क से बाबा रामदेव पार्क पहुंचा योग शिविर, छुट्टियों में बच्चों को मिल रहे संस्कार और स्वास्थ्य के गुर

स्वास्थ्य

28 जून तक चलेगा निःशुल्क योग एवं खेलकूद संस्कार शिविर, रोजाना सैकड़ों बच्चे ले रहे भाग

बीकानेर। ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान बच्चों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से भारत स्वाभिमान, पतंजलि योग समिति एवं युवा भारत, बीकानेर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित निःशुल्क योग एवं खेलकूद संस्कार शिविर बच्चों, युवाओं और अभिभावकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। 11 जून से यह शिविर बाबा रामदेव पार्क, मुरलीधर व्यास कॉलोनी रोड में संचालित किया जा रहा है। इससे पूर्व शिविर का आयोजन दीनदयाल पार्क में किया गया था।
प्रतिदिन प्रातः 5:30 बजे से 7:30 बजे तक आयोजित होने वाले शिविर में बड़ी संख्या में बालक-बालिकाएं उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। प्रशिक्षकों द्वारा बच्चों को योगासन, प्राणायाम, ध्यान एवं शारीरिक व्यायाम का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। साथ ही विभिन्न खेलकूद गतिविधियों के माध्यम से अनुशासन, आत्मविश्वास, एकाग्रता और टीम भावना विकसित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
शिविर में बच्चों को भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों, सेवा भावना एवं राष्ट्रभक्ति से भी जोड़ा जा रहा है। प्रतिदिन सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ और प्रार्थना के माध्यम से संस्कारमूलक वातावरण तैयार किया जा रहा है। योगाभ्यास के जरिए बच्चों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, मानसिक तनाव से दूर रहने और शारीरिक रूप से मजबूत बनने की प्रेरणा दी जा रही है।
शिविर संयोजक नंदकिशोर गहलोत ने बताया कि 28 जून तक चलने वाले इस निःशुल्क शिविर का उद्देश्य बच्चों को अवकाश का सदुपयोग कराते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य और संस्कारों से जोड़ना है। शिविर में योग, खेलकूद, व्यक्तित्व विकास, संस्कार शिक्षा तथा प्रेरणादायी गतिविधियों का समावेश किया गया है, जिससे बच्चों का शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक और नैतिक विकास सुनिश्चित हो सके।
अभिभावकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और सकारात्मक व्यक्तित्व निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।