



आनंद मार्ग चिल्ड्रन होम का विधि के विद्यार्थियों ने किया शैक्षणिक भ्रमण
बीकानेर // राजकीय विधि स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बीकानेर के संकाय सदस्यों एवं विद्यार्थियों द्वारा आनंद मार्ग चिल्ड्रन होम, जय नारायण व्यास कॉलोनी, बीकानेर का शैक्षणिक एवं प्रेरणात्मक भ्रमण किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रतिनिधिमंडल ने वहां निवासरत एवं अध्ययनरत बच्चों से आत्मीय संवाद किया। विद्यार्थियों एवं संकाय सदस्यों ने बच्चों को सरल एवं सहज भाषा में शिक्षा के महत्व को समझाया तथा उन्हें जीवन में उच्च लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर कार्यक्रम नोडल अधिकारी डॉ. मीनाक्षी कुमावत ने बताया कि महाविद्यालय के विद्यार्थियों को ऐसे कार्यों से जोड़ने से उनमें सेवा भावना, मानवीय दृष्टिकोण और सामाजिक सरोकार की समझ विकसित होती है, जो उनके व्यक्तित्व निर्माण में अत्यंत सहायक सिद्ध होती है। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि समाज के कमजोर वर्गों तक सकारात्मक ऊर्जा और सहयोग पहुंचाना भी उसका महत्वपूर्ण उद्देश्य है।बच्चों को पाठ्य सामग्री एवं खाद्य सामग्री वितरित की गई। सामग्री प्राप्त कर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। बच्चों को बताया गया कि निरंतर परिश्रम, सकारात्मक सोच और अनुशासन के माध्यम से वे भविष्य में डॉक्टर, इंजीनियर, वकील जैसे प्रतिष्ठित पदों पर आसीन हो सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान बच्चों में उत्साह और आत्मविश्वास का संचार देखने को मिला।
महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह एवं ऊर्जा के साथ कार्यक्रम में सहभागिता निभाई और सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। इस प्रकार यह आयोजन न केवल बच्चों के लिए प्रेरणादायक रहा, बल्कि विद्यार्थियों के लिए भी जीवन मूल्यों को आत्मसात करने का एक सार्थक अवसर सिद्ध हुआ।




