अन्नदाता किसान विकसित हो तो देश-प्रदेश खुशहाल रहेगा: भजनलाल

प्रशासन

राजस्थान दिवस कार्यक्रम श्रृंखला में
बीकानेर में किसान सम्मेलन हुआ

बीकानेर // मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि अन्नदाता किसान देश एवं प्रदेश की आत्मा है अगर किसान विकसित होगा तो देश-प्रदेश विकसित एवं खुशहाल होगा। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार का सपना सिर्फ ‘कृषि विकास’ ही नहीं ‘कृषि गौरव’ है। हम चाहते हैं कि राजस्थान का किसान देश में ही नहीं बल्कि दुनिया भर में आदर्श बने। शर्मा बुधवार को बीकानेर में राजस्थान दिवस कार्यक्रम श्रृंखला के तहत आयोजित किसान सम्मेलन एवं किसान उत्पादक संगठन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने सभी को राजस्थान दिवस तथा भारतीय नववर्ष 2082 की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार ने इस वर्ष से चैत्र शुक्ल प्रतिपदा पर राजस्थान दिवस मनाने का निर्णय लिया है तथा प्रदेशवासी धूमधाम से राजस्थान दिवस मनाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कार्यक्रम किसानों के सम्मान को समर्पित है। किसान सिर्फ खेती नहीं करते, वे जीवन की नींव रखते हैं। किसानों की मेहनत से ही भारत ने खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित की है तथा विश्व में हम एक अग्रणी कृषि शक्ति के रूप में उभरे हैं। उन्होंने कहा कि किसान सूरज की तपती धूप, कड़ाके की सर्दी तथा बारिश की बौछार में भी खेतों में खड़े रहकर सिंचाई करते हैं और रखवाली करते हैं। किसानों का यह त्याग और समर्पण अप्रतिम है।

अन्नदाता किसान को मिली अनेक सौगातें

आज बीकानेर में हुए किसान सम्मेलन एवं एफपीओ कार्यक्रम में 30 हजार किसानों को 137 करोड़ रुपये का अनुदान हस्तान्तरण किया गया। साथ ही, इसमें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि राशि में वृद्धि एवं मुख्यमंत्री थार सीमा क्षेत्र विकास कार्यक्रम के दिशा-निर्देश जारी किए गए। इसके अलावा मंगला पशु बीमा योजना में लाभान्वितों का दायरा भी बढ़ाया गया है। कार्यक्रम में पशुधन निःशुल्क आरोग्य योजना के अन्तर्गत निःशुल्क उपलब्ध करवाये जा रहे औषधियों व टीकों की संख्या बढाकर 200 किए जाने तथा कृषि एवं उद्यानिकी विभाग के विभिन्न दिशा-निर्देश जारी किए गए। ऑर्गेनिक खेती को बढ़ावा देने के लिए बैल से खेती करवाये जाने पर 30 हजार की प्रोत्साहन राशि के दिशा-निर्देश जारी किए गए। पीएमएफएमई योजना के तीन एफपीओ को अनुदान के तथा एक एफपीओ को शेयर मनी के चैक वितरण किए गए।

प्रधानमंत्री किसानों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए कर रहे निरंतर प्रयास
सीएम शर्मा ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारी डबल इंजन की सरकार किसानों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही हैं। केन्द्र सरकार द्वारा 10 हजार एफपीओ का गठन किया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत राज्य में 72 लाख से अधिक किसानों को 1 हजार 400 करोड़ रुपये से अधिक की राशि हस्तांतरित, लगभग 47 लाख किसानों को 29 हजार करोड़ रुपये का अल्पकालीन ब्याजमुक्त फसली ऋण तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 3 हजार करोड़ रुपये से अधिक के बीमा क्लेम वितरित किए गए हैं। शर्मा ने कहा कि उन्होंने खेती का हर काम किया है तथा वे किसानों की समस्या को भलीभाति समझते हैं। इसीलिए हम किसानों को 2027 तक दिन में बिजली देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि किसानों के लिए बिजली-पानी की प्राथमिकता पर काम करते हुए राज्य सरकार द्वारा राइजिंग राजस्थान में 35 हजार करोड़ के एमओयू किए है। राज्य सरकार के ईआरसीपी, यमुना जल समझौता, देवास परियोजना जैसे निर्णयों से किसानों को पेयजल एवं सिंचाई के लिए पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।

गुणवत्ता वाली चिकित्सा सेवा देगा राजस्थान : गजेंद्र सिंह

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल पर प्रदेश में पहली बार राजस्थान दिवस समारोह वृहद स्तर पर समारोह पूर्वक मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं सुलभ कराने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के तहत 25 लाख रुपए का निःशुल्क इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। चिकित्सा तंत्र को सुदृढ़ करने के लिए भी राज्य बजट में कई प्रावधान किए गए हैं। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने राज्य बजट में बीकानेर संभाग को कई सौगातें दी है। राज्य बजट में किसान क्रेडिट कार्ड की ऋण सीमा को 3 लाख से बढ़कर 5 लाख कर दिया गया है। डिग्गी फॉर्म पॉन्ड्स और ग्रिड सब स्टेशन के निर्माण तथा किसान सम्मान निधि में बढ़ोतरी जैसे निर्णयों से प्रदेश का किसान खुशहाल है। उन्होंने बीकानेर विकास प्राधिकरण की स्थापना के निर्णय के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। ‎

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने किसान उत्पादन संगठन मार्गदर्शिका का विमोचन किया तथा लाभार्थियों से संवाद किया। इस दौरान सफल एफपीओ पर लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया। इससे पहले मुख्यमंत्री ने राज्य स्तरीय किसान उत्पादक संगठन मेले का फीता काटकर उद्घाटन किया और विभिन्न स्टॉल्स का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी में एफपीओ के मॉडल के रूप में बनाए गए एफपीओ ट्री नवाचार को सराहा।

इस दौरान राजस्थान किसान आयोग के अध्यक्ष श्री सी आर चौधरी, विधायक सुश्री सिद्धि कुमारी, डॉ. विश्वनाथ मेघवाल, श्री ताराचन्द सारस्वत, श्री अंशुमान सिंह भाटी, श्री जेठानंद व्यास सहित बड़ी संख्या में किसान एवं आमजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में किसान जुड़े।