प्रदेश की कानून व्यवस्था वेंटीलेटर पर, सीएम को कोई अधिकारी नहीं लेता गंभीरता से -हनुमान बेनीवाल

प्रशासन

व्यवसायी की गोली मारकर हत्या करने के प्रकरण में कुचामन में भारी आक्रोश

कुचामन सिटी // जिले के कुचामन सिटी में उद्योगपति रमेश रुलानिया की गोली मारकर हुई हत्या के बाद उपजे जन आक्रोश से एक बार प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़े हो गए हैं। कुचामन में न्याय की मांग को लेकर चल रहे धरने में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के अध्यक्ष व नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल भी अपने समर्थकों के साथ पहुंचे। उन्होंने कुचामन पहुंचने से पहले पुलिस मुख्यालय में राजस्थान पुलिस के डीजीपी राजीव शर्मा से मुलाकात भी की और इस मामले में त्वरित कार्यवाही करने की मांग की।

धरना स्थल पर मीडिया से बातचीत करते हुए सांसद बेनीवाल ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री के पास गृह विभाग का जिम्मा है मगर मुख्यमंत्री की बात को कोई अधिकारी गंभीरता से नहीं लेता। सांसद बेनीवाल ने कहा आपराधिक गैंग चुनौती देकर एक उद्योगपति को गोली मार देती है। रंगदारी और वसूली का काम प्रदेश में चल रहा है ऐसे में यह स्पष्ट है कि राजस्थान की कानून व्यवस्था वेंटीलेटर पर है। उन्होंने कहा फर्जी पासपोर्ट बनाकर जो अपराधी विदेश भागे है उनके फर्जी पासपोर्ट जिस स्तर पर बने, उनके पुलिस वेरिफिकेशन जहां से हुए उनके खिलाफ भी कार्यवाही होनी चाहिए और इंटरपोल के माध्यम से ऐसे अपराधियों की धरपकड़ करनी चाहिए।

बेनीवाल ने कहा कानून व्यवस्था को चुनौती देकर जघन्य अपराध कारित किए जा रहे हैं और जेलों से मुख्यमंत्री को धमकियां मिल रही है,नेताओं को धमकियां मिल रही है इससे यह स्पष्ट हो रहा है कि तंत्र में अपराधी तत्वों का बोलबाला है और कानून व्यवस्था वेंटीलेटर पर है।

परिजनों की मंशा के अनुरूप जिला कलक्टर सहित आला अधिकारियों की मौजूदगी में हुई सहमति के बाद दिवंगत रमेश रुलानिया के अंतिम संस्कार में सांसद हनुमान बेनीवाल भी सम्मिलित हुए।