



बीकानेर // राजस्थान भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति में लगातार 12वीं बार सदस्य मनोनीत होने पर राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय के पूर्व प्रदेश मंत्री और प्रदेश के वरिष्ठ शिक्षक नेता रहे डॉ. सत्यप्रकाश आचार्य का सोमवार को उनके निवास स्थान पर राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय बीकानेर इकाई द्वारा भावभीना स्वागत व अभिनंदन किया गया।
डॉ. आचार्य के धोबी धोरा स्थित निवास पर आयोजित इस गरिमामयी समारोह में संगठन के पदाधिकारियों ने उनकी सक्रियता, दीर्घकालिक सांगठनिक अनुभव और कुशल नेतृत्व क्षमता की सराहना करते हुए संगठन को उनके द्वारा लगातार प्राप्त सहयोग और सानिध्य हेतु आभार प्रकट किया।
इस अवसर पर नरेन्द्र आचार्य, बबीता वर्मा, विकास पंवार, अनवर, मोहम्मद फैसल, सारिका शर्मा, अर्चना, भारती अनेजा, अशोक और मोहम्मद रमजान इत्यादि ने डॉ. आचार्य को साफा, शाल और दुपट्टा ओढ़ाकर एवं फूल मालाएं पहनाकर आत्मीय अभिनंदन किया।
डॉ. आचार्य ने अपने सम्मान हेतु धन्यवाद ज्ञापित कर उपस्थित शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि यह गौरवपूर्ण उपलब्धि केवल मेरी नहीं बल्कि संगठन के प्रत्येक निष्ठावान कार्यकर्ता के अटूट विश्वास का प्रतीक है। लगातार 12वीं बार राजस्थान भाजपा प्रदेश कार्यसमिति में स्थान मिलना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। मेरा ध्येय सदैव शिक्षक हितों की रक्षा और संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाना रहा है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी वे सदैव इसी ऊर्जा और सेवाभाव के साथ निष्पक्ष रूप से जनसेवा के कार्य करते रहेंगे।




