



प्रिंसेस मधुलिका कुमारी ने मरीजों की सुविधा के लिए दिए 1.45 लाख रुपए के ए.सी., भीषण गर्मी में कैंसर रोगियों को मिलेगी राहत
बीकानेर // स्व. महाराजा डॉ. करणीसिंहजी की 102वीं जयंती के अवसर पर उनकी पुत्री प्रिंसेस मधुलिका कुमारी ने आचार्य तुलसी क्षेत्रीय कैंसर चिकित्सा एवं अनुसंधान केंद्र, एस.पी. मेडिकल कॉलेज, बीकानेर के प्रेक्षा कॉटेज के लिए 5 एयर कंडीशनर भेंट किए हैं। इन एसी की कुल लागत करीब 1 लाख 45 हजार रुपए बताई गई है।
अस्पताल की निदेशक डॉ. नीति शर्मा ने बताया कि प्रेक्षा कॉटेज में वर्तमान में केवल पंखे और कूलर लगे हुए हैं, जिससे भीषण गर्मी के दौरान भर्ती कैंसर मरीजों को पर्याप्त राहत नहीं मिल पा रही थी। इस संबंध में प्रिंसेस मधुलिका कुमारी से सहयोग का निवेदन किया गया था।
आवेदन पर संवेदनशीलता दिखाते हुए प्रिंसेस मधुलिका कुमारी ने अपने पिता स्व. महाराजा डॉ. करणीसिंहजी की स्मृति को चिरस्थायी बनाए रखने तथा कैंसर पीड़ित मरीजों की सुविधा के उद्देश्य से 1.5 टन क्षमता के 5 एयर कंडीसनर अस्पताल को उपलब्ध करवाए।
डॉ. नीति शर्मा ने इस सहयोग के लिए प्रिंसेस मधुलिका कुमारी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन एयर कंडीसनर से प्रेक्षा कॉटेज में भर्ती मरीजों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी और उपचार के दौरान बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
प्रिंसेस मधुलिका कुमारी ने कहा कि बीकानेर राजपरिवार हमेशा जनहित के कार्यों में आगे रहा है। स्व. महाराजा डॉ. करणीसिंहजी द्वारा स्थापित विभिन्न पब्लिक चैरिटेबल ट्रस्टों के माध्यम से समाजसेवा और जनकल्याण के कार्य लगातार किए जा रहे हैं तथा भविष्य में भी जारी रहेंगे।



