भागवत कथा में गूंजा कृष्ण बाल लीलाओं का रस, छप्पन भोग व झांकियों ने मोहा मन

धर्म-कर्म

आचार्य सुनील व्यास बोले- बच्चों को गीता, रामायण और भागवत का ज्ञान देना जरूरी

बीकानेर // राधा रानी सखी मंडल और बी-2 पार्क समिति की ओर से मुक्ता प्रसाद कॉलोनी में आयोजित श्रीमद भागवत कथा महोत्सव में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है।

कथा के पांचवें दिन आचार्य पंडित सुनील व्यास ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का भावपूर्ण वर्णन करते हुए कहा कि बच्चों को संस्कारों के साथ गीता, भागवत और रामायण का ज्ञान भी देना चाहिए, तभी भारत का भविष्य उज्ज्वल और संस्कारित बनेगा।

कथा के दौरान व्यास ने कहा कि भगवान कृष्ण ने गोपियों के मन रूपी माखन को चुराकर भक्ति का संदेश दिया। गिरिराज लीला का वर्णन करते हुए उन्होंने बताया कि मनुष्य का शरीर ही गोवर्धन है और आत्मा व शरीर में विराजमान भगवान ही सात दिन तक शरीर रूपी गोवर्धन को धारण किए रखते हैं।

महोत्सव में सजीव झांकियां सजाई गईं तथा श्रद्धालुओं को छप्पन भोग के दर्शन करवाए गए। कथा स्थल पर भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने भजनों का आनंद लिया। इस दौरान नागेश व्यास, दीपक व्यास, गणेश व्यास और चन्द्रेश दिवाकर ने भजनों की प्रस्तुति दी। आयोजकों ने बताया कि रविवार को कथा में रुक्मणी विवाह और सुदामा चरित्र का प्रसंग सुनाया जाएगा।