


17 जून को मनाया जाएगा पाटोत्सव, ग्रामीण क्षेत्रों में समाज बंधुओं को दिए जा रहे निमंत्रण
बीकानेर // नाल रोड स्थित गंगा विश्वविद्यालय के आगे विराजित कुलदेवी डेहरु माता मंदिर का स्थापना दिवस 17 जून 2026 को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित तीन दिवसीय धार्मिक कार्यक्रमों की शुरुआत सोमवार को पुरुषोत्तम मास की सोमवती अमावस्या से होगी।
कार्यक्रम संयोजक जेठाराम पुरोहित एवं अध्यक्ष एडवोकेट पवन पुरोहित ने बताया कि सोमवार सुबह 8 बजे पंडित पुखराज भादानी के आचार्यत्व में विशेष पूजा, गणपति पूजन, मंडप पूजन और अभिषेक किया जाएगा। इसके बाद सुबह 11 बजे अमावस्या हवन का आयोजन होगा। हवन में बद्री महाराज सूरजडा, रामरतन पुरोहित सहित समाज के अनेक प्रमुखजन पूजा-अर्चना करेंगे।
समिति के समन्वयक भंवर पुरोहित ने बताया कि आयोजन को लेकर समाज में उत्साह का माहौल है। आयोजन समिति के सदस्य गांव-गांव जाकर समाज बंधुओं को 17 जून को होने वाले पाटोत्सव में शामिल होने का निमंत्रण दे रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में दुर्गा प्रसाद बीटनोक, रूप जी झज्जू, मास्टर जेठाराम खिंदासर, करणीदान पुरोहित, पवन पुरोहित कोलायत, मेघराज पुरोहित बिगा और तोलाराम पुरोहित कल्याणसर सहित कई कार्यकर्ता प्रचार-प्रसार में जुटे हुए हैं।
महिला मंडली की सदस्याएं भी आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। आयोजन समिति ने अधिकाधिक श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में शामिल होकर धर्मलाभ लेने की अपील की है।



