


महिला सशक्तिकरण, अधिकार और सामाजिक भागीदारी पर वक्ताओं ने रखे विचार
मधु खत्री ने अध्यक्ष, संजू खत्री ने सचिव व रीटा तनेजा ने कोषाध्यक्ष पद की शपथ ली
बीकानेर। शहर के लॉयन क्लब सभागार में नारी शक्ति संगठन का भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हुआ। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी महिलाओं, शिक्षाविदों, चिकित्सकों, समाजसेवियों एवं गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। समारोह में महिला सशक्तिकरण, महिलाओं के अधिकार, सामाजिक नेतृत्व और आत्मनिर्भरता जैसे विषयों पर सारगर्भित विचार रखे गए तथा महिलाओं से समाज में अपनी भूमिका और अधिक प्रभावी बनाने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम की मुख्य वक्ता जैन गर्ल्स कॉलेज की प्राचार्य संध्या सक्सेना ने कहा कि शिक्षित और जागरूक महिला ही परिवार और समाज को नई दिशा दे सकती है। उन्होंने महिलाओं से आत्मविश्वास के साथ नेतृत्व की भूमिका निभाने तथा नई पीढ़ी को संस्कारों के साथ शिक्षा से जोड़ने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि महिला अधिकारिता एवं बाल विकास विभाग की उप निदेशक अनुराधा सक्सेना ने महिला अधिकारों से जुड़े विभिन्न कानूनों, सरकारी योजनाओं और महिलाओं के लिए उपलब्ध अवसरों की जानकारी देते हुए कहा कि महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकती हैं।विशिष्ट अतिथि डॉ. इमरान सिद्दीकी एवं इंस्टॉलेशन ऑफिसर लायन राजेश मिड्ढा ने संगठन की नई टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सामाजिक संगठनों की सक्रियता से महिलाओं को नेतृत्व और सेवा के नए अवसर मिलते हैं।
समारोह में डॉ. स्वाति बिन्नानी, डॉ. कुलसुम सिद्दीकी, उषा सारस्वत, संगीता सेठी, गुरजीत कौर, सुषमा बिस्सा, राखी चूरड़िया, वरिष्ठ उद्घोषक रविंद्र हर्ष, एंकर ज्योति रंगा, जार के जिलाध्यक्ष प्रमोद आचार्य तथा राजकीय अभिभाषक राधेश्याम सेवग सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इन्होंने ली शपथ
इस अवसर पर मधु खत्री ने अध्यक्ष, संजू खत्री ने सचिव तथा रीटा तनेजा ने कोषाध्यक्ष पद की शपथ ग्रहण की। संगठन की सदस्य वर्षा सांचेर, गंगा भाटिया, शशिकांता, विजय लक्ष्मी, रजनी कालरा, रफीकुन्निशा, रीटा माथुर, श्वेता गुप्ता व शांति मोदी सहित अन्य सदस्यों ने भी संगठन के प्रति निष्ठा और सेवा का संकल्प लिया। इन सभी को इंस्टॉलेशन ऑफिसर लायन राजेश मिड्ढा ने शपथ दिलाई।
कार्यक्रम की शुरुआत कविता वर्मा द्वारा ध्वज वंदना से हुई। इसके बाद अध्यक्ष मधु खत्री ने स्वागत भाषण दिया, जबकि सचिव संजू खत्री ने संगठन का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। समारोह का प्रभावी संचालन सुहानी शर्मा ने किया। अंत में सभी अतिथियों एवं सदस्यों ने महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा, अधिकार और सशक्तिकरण के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।



