22वां राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह 6 सितंबर को

शिक्षा

55 शिक्षकों को मिलेगा बेस्ट टीचर अवार्ड, आठ सेवानिवृत्त शिक्षकों को रॉयल टीचर्स लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से किया जाएगा सम्मानित

बीकानेर // राष्ट्रीय शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में 22वां राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह 6 सितंबर को रानी बाजार स्थित जिला उद्योग संघ सभागार में आयोजित किया जाएगा। समारोह में प्राथमिक स्तर से लेकर विश्वविद्यालय स्तर तक शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों और प्रोफेसरों का सम्मान किया जाएगा।

समारोह के संयोजक रविंद्र हर्ष ने बताया कि लगातार 22 वर्षों से शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष समारोह में 55 शिक्षकों को बेस्ट टीचर अवार्ड प्रदान किया जाएगा। वहीं, शिक्षा के क्षेत्र में लंबे समय तक सेवाएं देने वाले आठ सेवानिवृत्त शिक्षकों एवं प्रोफेसरों को रॉयल टीचर्स अवार्ड लाइफटाइम अचीवमेंट से सम्मानित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण है। इसी भावना के साथ प्रतिवर्ष शिक्षा के क्षेत्र में समर्पित शिक्षकों को सम्मानित कर उनके योगदान को समाज के सामने लाने का प्रयास किया जाता है। आयोजन की सफलता के लिए प्रसिद्ध उद्यमी एवं समाजसेवी नरसी कुलरिया ने भी अग्रिम शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।

कार्यक्रम की सहभागी एवं सह संयोजक नारी शक्ति संगठन की अध्यक्ष श्रीमती मधु खत्री ने बताया कि समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। आयोजन को व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए विभिन्न समितियों का गठन कर जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। समारोह में सेवाश्रम के विशेष योग्यजन बच्चों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी।

राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह को सफल बनाने के लिए जिला उद्योग संघ अध्यक्ष डी.पी. पचीसिया, सिंथेसिस के डायरेक्टर मनोज बजाज, शरद आचार्य, शिक्षाविद नारायण जी सर, विपिन पोपली, रोटरी क्लब रॉयल्स के अध्यक्ष विपिन लड्ढा, रामरतन धारनिया, संजीव झाजोरिया, सुरेंद्र डागा एवं इंजीनियर मनोज कुड़ी को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।