लक्ष्मीनाथ मंदिर परिसर में 11 से 21 अक्टूबर तक होगा रामलीला का मंचन

धर्म-कर्म

तैयारियां अंतिम चरण में, रात 8 बजे से शुरू होंगे मंचन

बीकानेर। लक्ष्मीनाथ मंदिर परिसर स्थित संतोषी माता मंदिर के पास रामलीला मैदान में 11 से 21 अक्टूबर तक भव्य रामलीला का मंचन किया जाएगा। श्री राम कला मंदिर संस्थान की ओर से आयोजित होने वाली रामलीला को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। नवरात्रि के दौरान होने वाले इस आयोजन में शहरवासी सपरिवार पहुंचकर रामलीला का आनंद लेते हैं। कलाकारों के सजीव अभिनय और प्रभावशाली संवाद अदायगी से पूरा परिसर राममय हो उठता है।

संस्थान के अध्यक्ष गिरिराज जोशी ने बताया कि रामलीला मैदान में मंच निर्माण, विद्युत सज्जा, ध्वनि व्यवस्था और दर्शक दीर्घा तैयार करने का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है। वहीं, सभी कलाकारों की रिहर्सल भी अंतिम चरण में है। रामलीला का मंचन प्रतिदिन रात 8 बजे से होगा।

जोशी ने बताया कि इस वर्ष भी कलाकार विभिन्न पात्रों के माध्यम से शानदार और सजीव प्रस्तुतियां देंगे। आयोजन का उद्देश्य भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन, मर्यादा और नैतिक मूल्यों को मंचन के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाना है।