बीकानेर में पहली बार 11 दिन तक एक ही छत के नीचे होगा पांच कथाओं का वाचन

धर्म-कर्म

22 से 31 दिसंबर तक पंच पावन कथा महोत्सव, वृंदावन की ब्रज मंडली सजाएगी दिव्य रासलीला के रंग; कलश यात्रा से होगा शुभारंभ, पोस्टर का विमोचन

बीकानेर। धर्मनगरी बीकानेर में पहली बार एक ही छत के नीचे पांच अलग-अलग धार्मिक कथाओं का वाचन होगा। 11 दिवसीय इस अनूठे आयोजन में जहां देश के विद्वान पंडित कथा वाचन करेंगे, वहीं वृंदावन की ब्रज मंडली के कलाकार अपनी मनमोहक रासलीला प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को ब्रज की भक्ति संस्कृति से रूबरू करवाएंगे। सेवन स्टार फाउंडेशन एवं सनातन मित्रमंडल के तत्वावधान में ओझा सत्संग भवन-2 में आयोजित होने वाले पंच पावन कथा महोत्सव का पोस्टर विमोचन किया गया।

बाहेती भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में आयोजन से जुड़े सीएम महेन्द्र चूरा ने बताया कि 22 से 31 दिसंबर तक प्रतिदिन दोपहर 12.15 से शाम 5.15 बजे तक पांच अलग-अलग कथाओं का वाचन होगा। इसके तहत 22 व 23 दिसंबर को पं. श्रीगोपाल नारायण व्यास श्रीमद् देवी भागवत कथा सुनाएंगे। 24 व 25 दिसंबर को पं. आशाराम व्यास शिव महापुराण कथा का वाचन करेंगे। इसी क्रम में 26 व 27 दिसंबर को पं. संजय व्यास श्रीराम कथा, 28 व 29 दिसंबर को कोलकाता के पं. लक्ष्मीकांत व्यास श्री बाबा रामदेव चरित कथा तथा 30 व 31 दिसंबर को पं. मुरली मनोहर व्यास श्रीमद् भागवत कथा का रसपान करवाएंगे।

रासलीला में दिखेगी ब्रज की झलक

कथा महोत्सव में भक्ति और संस्कृति का अनूठा संगम भी देखने को मिलेगा। 23 से 30 दिसंबर तक प्रतिदिन शाम 7 से रात 10 बजे तक वृंदावन की ब्रज मंडली के कलाकार दिव्य रासलीला का मंचन करेंगे। इसमें भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं की आकर्षक प्रस्तुतियां श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहेंगी।

कलश यात्रा से होगा महोत्सव का आगाज

चूरा ने बताया कि महोत्सव का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा से होगा। यह यात्रा दम्माणी चौक स्थित बड़ा गोपाल मंदिर से रवाना होकर मूंदड़ा चौक, हर्षों का चौक, रत्ताणी व्यासों का चौक, सदाफते, बारह गुवाड़ और नत्थूसर गेट होते हुए ओझा सत्संग भवन पहुंचेगी। मार्ग में जगह-जगह कलश यात्रा का स्वागत किया जाएगा। इसके बाद शाम 6 बजे बीकानेर मानस परिवार की ओर से संगीतमय सुंदरकांड पाठ होगा। इसकी पूर्णाहुति पर पूनरासर हनुमान मंदिर परिवार की ओर से महाआरती की जाएगी।

साधु संतों का मिलेगा आशीर्वाद

11 दिवसीय कथा महोत्सव में देश के विभिन्न धार्मिक स्थलों से जुड़े संत-महात्माओं का सानिध्य भी प्राप्त होगा। इनमें काशी करपात्री धाम के अधिष्ठाता सर्वेश्वरानंद महाराज, सागर आश्रम बीकानेर के अधिष्ठाता श्रीधरानंद सरस्वती महाराज, श्री नवलेश्वर मठ के अधिष्ठाता शिव सत्यनाथ महाराज, राष्ट्रीय संत सरजूदास महाराज, शिवबाड़ी मंदिर के अधिष्ठाता विमर्शानंद महाराज, गायत्री पीठ सागर के अधिष्ठाता रामेश्वरानंद महाराज, मुरली मनोहर धोरा के श्यामसुंदर महाराज तथा बाल संत छैल बिहारी महाराज शामिल होंगे। कथा महोत्सव की पूर्णाहुति के अवसर पर 31 दिसंबर को महाप्रसादी का आयोजन भी किया जाएगा।

ये रहे मौजूद

पत्रकार वार्ता में पंडित राजेंद्र किराडू, कन्हैयालाल जोशी, जगतनारायण कल्ला, भंवर पुरोहित, दाऊलाल व्यास, बृजराज जोशी, बुलाकीदास व्यास, गोविन्द नारायण चूरा, श्यामसुंदर व्यास, महीधर नारायण पुरोहित, कमल डागा, कुनाल डागा, निर्मल कुमार दम्माणी, देवकिशन चांडक, गोरधन बिन्नाणी, पं. सुशील किराडू, पं. अशोक किराडू, राजेंद्र किराडू, राधेश्याम सोनी, विनोद सोनी, घनश्याम सोनी, नंदकिशोर चांडक, हरगोपाल पुरोहित, कमलनारायण पुरोहित, हरिनारायण चूरा, सुरेंद्र कुमार चूरा, कैलाश राठी, रामकुमार अग्रवाल, अशोक आचार्य, नरेश पुरोहित, अशोक बिस्सा, भंवर उपाध्याय, वीरेंद्र किराडू, गोविन्द व्यास, इंद्र जोशी, महावीर सांखला, संतोष पुरोहित, राजेंद्र व्यास, श्रीकांत व्यास, राजकुमार व्यास और बालकिशन व्यास सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।