मीरा शाखा ने 51 कन्याओं का पूजन कर 35 प्रतिभावान

धर्म-कर्म

बालिकाओं को किया सम्मानित
अग्रवाल भवन में दो चरणों में हुआ आयोजन, खेलकूद, शिक्षा, कला, शोध और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उपलब्धियां हासिल करने वाली बेटियों का किया अभिनंदन

बीकानेर। भारत विकास परिषद की मीरा शाखा की ओर से 12 अक्टूबर को व्यास कॉलोनी स्थित अग्रवाल चेतना समिति (अग्रवाल भवन) में कन्या पूजन एवं बालिका गौरव सम्मान समारोह आयोजित किया गया। दोपहर 3:30 बजे शुरू हुए कार्यक्रम में भक्तिभाव के साथ 51 कन्याओं का पूजन किया गया। वहीं, खेलकूद, शिक्षा, कला, शोध, नेतृत्व और सामाजिक सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली 35 प्रतिभावान बालिकाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम दो चरणों में संपन्न हुआ।

शाखा संरक्षिका ऋतु मित्तल ने बताया कि कार्यक्रम के पहले चरण का शुभारंभ दुर्गा माता स्त्रोत की मधुर ध्वनि और पुष्प वर्षा के साथ हुआ। समारोह में पहुंचीं 51 कन्याओं में से नौ कन्याएं नवदुर्गा के स्वरूप में सजकर आईं। मीरा शाखा की सदस्याओं ने कन्याओं के चरण पखारे, हाथों में मेहंदी लगाई, तिलक किया और लाल चुनरी ओढ़ाकर पूजन किया। इसके बाद नौ देवियों की भावपूर्ण महाआरती उतारी गई। पूजन के उपरांत कन्याओं एवं उनके साथ आई बालिकाओं को विशेष उपहार, हलवा और माता रानी का प्रसाद वितरित किया गया।

बेटियां हर क्षेत्र में स्थापित कर रहीं नए आयाम

दूसरे चरण की शुरुआत अतिथियों के मंचासीन होने, दीप प्रज्ज्वलन और स्वाति पारिक द्वारा राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के गायन के साथ हुई। शाखा अध्यक्ष हेमा सिंह दाधीच ने स्वागत उद्बोधन देते हुए कहा कि बेटियां शिक्षा, खेलकूद, कला और सामाजिक जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सफलता के नए आयाम स्थापित कर देश का नाम रोशन कर रही हैं। उनकी उपलब्धियां समाज के लिए गर्व का विषय हैं।

शाखा संरक्षिका ऋतु मित्तल ने बालिकाओं की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें आशीर्वचन दिए। साथ ही अभिभावकों को भारत विकास परिषद के उद्देश्यों तथा सेवा और संस्कार से जुड़े प्रकल्पों की जानकारी दी।

क्षेत्रीय समन्वयक शशि चुग ने कन्याओं का पूजन कर उन्हें मंगलमय आशीर्वचन दिए। उन्होंने कहा कि बालिकाएं समाज की मुख्य आधारशिला हैं। उनका उचित मार्गदर्शन और संवर्धन ही सशक्त राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने बालिकाओं को संस्कारवान बनकर देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. दीप्ति वाहल ने मीरा शाखा के कन्या गौरव सम्मान कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में नारी सम्मान को मजबूत करते हैं। उन्होंने बालिकाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें हर क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने का संदेश दिया। प्रांतीय महिला सहभागिता संयोजक छवि गुप्ता ने बालिकाओं को संगठन के सेवा एवं संस्कार प्रकल्पों की जानकारी दी। उन्होंने उच्च शिक्षा प्राप्त कर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।

खेलकूद से लेकर शोध तक की प्रतिभाओं का सम्मान

सम्मान समारोह की मुख्य कड़ी में महिला सहभागिता गतिविधि संयोजक डॉ. आशु मलिक ने एक-एक कर 35 प्रतिभावान बालिकाओं का परिचय दिया और उनकी उपलब्धियों की जानकारी दी। सम्मानित बालिकाओं में विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाएं शामिल रहीं।

खेलकूद एवं साहसिक गतिविधियों में 17 बालिकाओं ने तीरंदाजी, फुटबॉल, शूटिंग, ताइक्वांडो और बास्केटबॉल सहित विभिन्न खेलों में राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर उपलब्धियां हासिल कीं। कला एवं नृत्य के क्षेत्र में छह बालिकाओं को कथक, शास्त्रीय नृत्य, कोरियोग्राफी और गीता श्लोक वाचन के लिए सम्मानित किया गया।

शैक्षणिक उत्कृष्टता एवं शोध के क्षेत्र में चार बालिकाओं ने नीट-पीजी, सीए, नेट/जेआरएफ तथा स्कूली शिक्षा में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। एनसीसी, परेड एवं नेतृत्व के क्षेत्र में दो बालिकाओं को परेड कमांडर और श्रेष्ठ एनसीसी कैडेट के रूप में सम्मान मिला। रचनात्मकता एवं उद्यमिता के क्षेत्र में तीन बालिकाओं को रेजिन आर्ट, मॉडलिंग, अभिनय और अबेकस से जुड़ी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। बैंकिंग एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में डिप्टी मैनेजर के रूप में कार्यरत और सामाजिक योगदान देने वाली एक बालिका तथा दो उभरती प्रतिभाओं का भी सम्मान किया गया। शाखा पदाधिकारियों एवं सदस्याओं ने सभी 35 बालिकाओं को साफा पहनाकर, मोमेंटो, सम्मान प्रमाण पत्र और आकर्षक उपहार भेंट कर अभिनंदन किया। बालिकाओं के साथ आए अभिभावकों का भी स्वागत किया गया। आयोजन में सभी के लिए जलपान की व्यवस्था की गई।

149 अतिथियों सहित बड़ी संख्या में लोग हुए शामिल

समारोह में 149 अतिथियों, 40 अभिभावकों, 51 कन्याओं, 35 सम्मानित बालिकाओं और परिषद के 23 सदस्यों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम बीकानेर की बेटियों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और उपलब्धियों को प्रोत्साहित करने का प्रेरणादायक अवसर बना।
कार्यक्रम का संचालन शाखा सचिव सुमन यादव ने किया।

ये रहे मौजूद

आयोजन में शाखा की कोषाध्यक्ष सीमा शर्मा, रेणु जोशी, रेणु कच्छावा, डॉ. स्वाति फलौदिया, अलका डॉली पाठक, कल्पना खंडेलवाल, मंजू मित्तल, शोभा अग्रवाल, उमा वडेरा, रजनी कालरा, कविता कटारिया, विजयश्री गुप्ता, वीणा जोशी, रतन गुप्ता, ममता कामरा, रूपसा बोथरा सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने सेवाएं दीं। इस अवसर पर मीरा शाखा की प्रांतीय एवं शाखा पदाधिकारी, सदस्याएं, गणमान्य नागरिक, बालिकाएं और उनके अभिभावक उपस्थित रहे।