भीनासर में समता समग्र आरोग्यम वेलनेस सेंटर का भूमिपूजन

समाज

प्राकृतिक चिकित्सा, आयुर्वेद, होम्योपैथी और फिजियोथेरेपी की मिलेंगी सुविधाएं, भूमि एवं अन्य सहयोग देने वाले भामाशाहों का किया अभिनंदन

बीकानेर // श्री अखिल भारतवर्षीय साधुमार्गी जैन संघ की ओर से भीनासर में समता समग्र आरोग्यम वेलनेस सेंटर का निर्माण करवाया जाएगा। इस सेंटर में प्राकृतिक चिकित्सा, आयुर्वेद, होम्योपैथी और फिजियोथेरेपी की सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। सेंटर के निर्माण के लिए मंगलवार को भूमि वंदन-परिवर्धन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर जय जिनेन्द्र संस्थान की ओर से सर्वमंगल अनुष्ठान किया गया तथा वेलनेस सेंटर के लिए सहयोग देने वाले भामाशाहों का अभिनंदन किया गया।

वेलनेस सेंटर के लिए सेठ चम्पालाल बांठिया, भीनासर परिवार की ओर से संघ को करीब 8 हजार वर्ग गज भूमि उपलब्ध करवाई गई है। यह भूमि 29 दिसंबर 2020 को समर्पित की गई थी। इसमें सेठ चम्पालाल बांठिया के कनिष्ठ पुत्र सुमतिलाल बांठिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसी भूमि पर मंगलवार को वेलनेस सेंटर के निर्माण के लिए भूमिपूजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ महिला समिति गंगाशहर-भीनासर के मंगलाचरण से हुआ। इस दौरान मुल्तान बैद ने गीतिका प्रस्तुत की। इसके बाद संघ के अध्यक्ष नरेन्द्र गांधी, पूर्व अध्यक्ष गौतम रांका, महामंत्री सुरेश बच्छावत और राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष राजेश बच्छावत सहित अन्य पदाधिकारियों ने भूमि प्रदाता बांठिया परिवार की ओर से सुमतिलाल बांठिया एवं उनके दोहिते निर्मल कुमार पारख का शॉल ओढ़ाकर, माल्यार्पण कर और स्मृति चिह्न प्रदान कर अभिनंदन किया।

समारोह में भूमि वंदन-परिवर्धन के कार्य में सहयोग देने वाले संघ के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं शिखर सदस्य रिधकरण सिपानी (बेंगलुरु), उनके परिवार के सुन्दरलाल, राजकुमार एवं विमल सिपानी तथा विमल डागा का भी सम्मान किया गया। वहीं, समता समग्र आरोग्यम के संचालन के लिए निधि प्रदान करने वाले छत्तीसगढ़ के मोहनलाल बाफना का शॉल ओढ़ाकर, माल्यार्पण कर और स्मृति चिह्न भेंट कर अभिनंदन किया गया।

संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेन्द्र गांधी, राष्ट्रीय महामंत्री सुरेश बच्छावत और राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष राजेश बच्छावत ने भूमि उपलब्ध करवाने वाले बांठिया परिवार, भवन निर्माण में सहयोग देने वाले रिधकरण सिपानी परिवार तथा संचालन निधि प्रदान करने वाले मोहनलाल बाफना के योगदान की सराहना की। रिधकरण सिपानी ने अपने संदेश में भूमि प्रदाता बांठिया परिवार के प्रति आभार एवं कृतज्ञता व्यक्त की। कार्यक्रम के अंत में सभी विशिष्ट सहयोग दाताओं एवं संघ के राष्ट्रीय पदाधिकारियों ने विधिवत भूमिपूजन किया।