बीकानेर मूल के आईपीएस आदित्य आचार्य को वाराणसी कमिश्नरेट में मिली पहली पोस्टिंग

समाज

यूपीएससी में ऑल इंडिया 96वीं रैंक हासिल कर बने थे आईपीएस, उत्तर प्रदेश कैडर मिला; तीन सप्ताह मुरादाबाद में सेवाएं देने के बाद संभालेंगे वाराणसी में पदभार

बीकानेर। बीकानेर मूल के युवा आईपीएस अधिकारी आदित्य आचार्य को उत्तर प्रदेश के वाराणसी कमिश्नरेट में पहली नियुक्ति मिली है। वर्ष 2024 में संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर 96वीं रैंक हासिल कर आईपीएस बने आदित्य को उत्तर प्रदेश कैडर आवंटित हुआ था। वर्तमान में वे प्रशिक्षण के दौर से गुजर रहे हैं। नियुक्ति प्रक्रिया के तहत वे पहले तीन सप्ताह तक मुरादाबाद में तैनात रहेंगे। इसके बाद वाराणसी कमिश्नरेट में अपनी पहली नियमित पोस्टिंग के तहत पदभार ग्रहण करेंगे। बीकानेर से जुड़ी इस उपलब्धि पर पुष्करणा समाज में भी खुशी का माहौल है।

कौन हैं आदित्य आचार्य

बीकानेर मूल के आदित्य आचार्य का जन्म 20 फरवरी 1999 को हुआ। उनका परिवार मूल रूप से बीकानेर के आचार्यों के चौक से जुड़ा है। वे जनसंघ के वरिष्ठ नेता शेर-ए-चांदजी के पौत्र हैं। वर्तमान में उनका परिवार जयपुर में निवास करता है। आदित्य की प्रारंभिक शिक्षा जयपुर के कैम्ब्रिज कोर्ट हाई स्कूल से हुई। इसके बाद उन्होंने राजस्थान विश्वविद्यालय से वर्ष 2021 में स्नातक की डिग्री हासिल की। वर्ष 2024 में उन्होंने प्रीलिम्स, मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार तीनों चरणों में सफलता हासिल करते हुए अखिल भारतीय स्तर पर 96वीं रैंक प्राप्त की और आईपीएस के लिए चयनित हुए।
वे बीकानेर के पुष्करणा समाज से सीधे आईपीएस बनने वाले पहले युवा हैं। उनकी इस उपलब्धि को बीकानेर के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।