





वरिष्ठ उद्यम शिखर दर्शन आचार्य से विशेष बातचीत
बीकानेर । धोरे और तपती रेत के लिए पहचाना जाने वाला
राजस्थान आज देश की हरित ऊर्जा क्रांति का सबसे बड़ा केंद्र बनकर उभर रहा है। जैसलमेर, बाड़मेर, जोधपुर और बीकानेर की तपिश अब केवल गर्मी नहीं देती, बल्कि पूरे देश के घरों को रोशन करने वाली स्वच्छ बिजली पैदा कर रही है। ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े वरिष्ठ उद्यमी शेखर दर्शन आचार्य ने विशेष बातचीत में बताया कि यह बदलाव केवल बिजली उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह राजस्थान की ग्रामीण अर्थव्यवस्था, उद्योग और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को नई दिशा देने वाला कदम है।

अन्नदाता अब बन रहा है ‘ऊर्जादाता’

प्रधानमंत्री कुसुम योजना के प्रभाव पर बात करते हुए आचार्य ने कहा कि अब हमारे किसान केवल फसल उगाने वाले अन्नदाता ही नहीं रहे, बल्कि अपने खेतों में सोलर पैनल लगाकर देश के ‘ऊर्जादाता’ भी बन रहे हैं। इससे किसानों को अतिरिक्त आय मिल रही है और गांवों में आर्थिक आत्मनिर्भरता व रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं।
बिजली उत्पादन के साथ मजबूत ग्रिड और भंडारण भी जरूरी
उन्होंने बीकानेर की रणनीतिक भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि पश्चिमी राजस्थान में बन रही बिजली को हरियाणा, पंजाब और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों तक पहुँचाने के लिए मजबूत ट्रांसमिशन नेटवर्क बेहद जरूरी है। बीकानेर-सीकर और सूरतगढ़-बीकानेर जैसी 400 केवी की लाइनें इस दिशा में अहम हैं। इसके साथ ही, बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम जैसी आधुनिक तकनीकों पर ध्यान देना होगा, ताकि दिन की धूप से बनी बिजली का उपयोग रात में भी किया जा सके।
विकास की कीमत खेजड़ी की बलि देकर न चुकाई जाए
तरक्की की इस तेज़ रफ्तार के बीच शेखर दर्शन आचार्य ने एक बेहद संवेदनशील और जरूरी मुद्दा उठाया है। उनका स्पष्ट कहना है कि सौर पार्कों और बड़ी ऊर्जा परियोजनाओं के नाम पर राजस्थान की पहचान और मरुस्थलीय जीवन के आधार—’खेजड़ी’ के पेड़ों को नुकसान नहीं पहुँचाया जाना चाहिए।
उन्होंने सुझाव दिया कि सरकार और कंपनियों को सख्त नीति बनानी चाहिए। इसके अलावा, कंपनियों की जिम्मेदारी केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहे, बल्कि कम से कम 5 से 10 वर्षों तक उनकी सिंचाई, सुरक्षा और देखरेख भी अनिवार्य हो।
आइरेक्स इंटरनेशनल की पहल
निजी क्षेत्र की जिम्मेदारी का उदाहरण देते हुए आचार्य ने बताया कि उनकी कंपनी ‘आइरेक्स इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड’ ने भी पर्यावरण संरक्षण के तहत करीब 300 पौधों को सींचकर विकसित किया है, जिनमें से कई अब 15 फीट तक ऊंचे हो चुके हैं।
इनका कहना है-
वरिष्ठ उद्यमी शेखर दर्शन आचार्य ने “आने वाली पीढ़ियां हमसे केवल यह नहीं पूछेंगी कि हमने कितनी बिजली बनाई, बल्कि यह भी जानना चाहेंगी कि विकास की इस यात्रा में हमने अपनी प्रकृति और विरासत को कितना बचाया।”



