भक्ति, ज्ञान और सामूहिक उल्लास के संगम के साथ संपन्न हुआ ‘द आर्ट ऑफ लिविंग’ का दीपावली स्नेह मिलन समारोह

धर्म-कर्म

बीकानेर। ध्यान, ज्ञान, सामूहिक उल्लास और आध्यात्मिक आनंद के अनुपम संगम के बीच रविवार रात्रि ‘द आर्ट ऑफ लिविंग’ के बीकानेर केंद्र द्वारा दीपावली स्नेह मिलन समारोह का सफलतापूर्वक आयोजन हुआ। संस्था के बीकानेर जोन के मीडिया कोऑर्डिनेटर गिरिराज खैरीवाल ने बताया कि दीपावली के पावन पर्व की खुशियों को साझा करने और समाज में सकारात्मकता व भाईचारे को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह स्नेह मिलन समारोह आयोजित किया गया। ट्रांसपोर्ट गली, रानी बाजार स्थित संस्था के केंद्र पर सायं 5:30 बजे से रात्रि 9:00 बजे तक आयोजित इस विशेष संध्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

शीला चौधरी एवं आशी जैन के निर्देशन में कार्यक्रम के दौरान उपस्थित संभागियों के लिए विभिन्न रोचक और सामूहिक खेलों का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इन खेलों के माध्यम से पूरे परिसर में मस्ती, हंसी-ठिठोली और अपनत्व का जीवंत वातावरण बना रहा। प्रसिद्ध सुमेरू भजन गायक जितेन्द्र सारस्वत द्वारा गाए गए मधुर और ऊर्जावान भजनों की प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल को भक्तिमय और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया। आयोजन को सफल और यादगार बनाने में संस्था के वरिष्ठ प्रशिक्षक जितेंद्र सारस्वत, वरिष्ठ संरक्षक रवि कथूरिया, संरक्षक राजेश मुंजाल, अपेक्स डीवाईएसपी इंद्र कुमार तथा संस्था के सचिव कुशाल खत्री, परताराम चौधरी, प्रकाश शर्मा, राजकुमार भटनागर, जानकी वल्लभ एवं रामदेव सुथार का सहयोग रहा।