



70वीं राज्य स्तरीय विद्यालयी तीरंदाजी प्रतियोगिता में 5 स्वर्ण सहित शानदार प्रदर्शन; राष्ट्रीय स्तर पर भी सूर्य राठौड़ ने जीता स्वर्ण, भारती ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए किया क्वालिफाई
बीकानेर। संवित धनुर्वेद संस्थान, शिवबाड़ी के तीरंदाजों ने 70वीं राज्य स्तरीय विद्यालयी तीरंदाजी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 17 पदक जीतकर बीकानेर का गौरव बढ़ाया। 1 से 7 अक्टूबर तक हनुमानगढ़ एवं श्रीगंगानगर में आयोजित प्रतियोगिता में संस्थान के खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु वर्गों में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। वहीं केवीएस नेशनल आर्चरी टूर्नामेंट में भी संस्थान के खिलाड़ी ने स्वर्ण पदक हासिल कर राष्ट्रीय स्तर पर सफलता का परचम लहराया।
संस्थान के कोच आशीष आचार्य ने बताया कि U-17/19 वर्ग में प्रतिभा कंडारा ने 17 वर्ष बालिका इंडियन राउंड में सर्वाधिक 5 स्वर्ण पदक जीतकर सबसे बड़ी उपलब्धि हासिल की। पलक चौधरी ने कांस्य, नैतिक जावा ने रजत, जयंत भील ने रिकर्व राउंड में 1 स्वर्ण व 2 रजत, पार्थ कंडारा ने 1 स्वर्ण, मनीष खटोड़ ने 1 रजत व 2 कांस्य तथा ऋषिराज चौधरी ने कांस्य पदक अपने नाम किया। U-14 वर्ग में धर्मचंद और सार्थक सामरिया ने भी रजत पदक जीतकर संस्थान की उपलब्धियों में इजाफा किया।
इसके अलावा केवीएस नेशनल आर्चरी टूर्नामेंट, दिल्ली में संस्थान के खिलाड़ी सूर्य राठौड़ ने U-14 इंडियन राउंड में स्वर्ण पदक जीता। वहीं अंतर महाविद्यालयी तीरंदाजी प्रतियोगिता में भारती ने रजत पदक जीतकर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान भी सुनिश्चित किया।
संस्थान की इस उपलब्धि पर श्री लालेश्वर महादेव मंदिर, शिवमठ, शिवबाड़ी के अधिष्ठाता स्वामी विमर्शानंद गिरी जी महाराज ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि निरंतर अभ्यास, अनुशासन और समर्पण का ही परिणाम है कि संस्थान के तीरंदाज राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। खिलाड़ियों की सफलता पर खेलप्रेमियों एवं शुभचिंतकों ने भी हर्ष व्यक्त करते हुए सभी पदक विजेताओं को बधाई दी।



