भाजपा के प्रशिक्षण महाअभियान में संगठन, विचारधारा और AI पर मंथन

राजनीति

उद्घाटन सत्र को कैबिनेट मंत्री सुमित गोदारा सहित अनेक वक्ताओं ने किया संबोधित

बीकानेर // भारतीय जनता पार्टी के “पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान–2026” के तहत भाजपा बीकानेर शहर जिला प्रशिक्षण वर्ग का शनिवार को शुभारंभ हुआ। दो दिवसीय इस प्रशिक्षण वर्ग में संगठन मजबूती, वैचारिक प्रशिक्षण, कार्यकर्ता विकास और आधुनिक तकनीक के उपयोग पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम भाजपा शहर जिलाध्यक्ष सुमन छाजेड़ के नेतृत्व में आयोजित किया जा रहा है।

प्रशिक्षण वर्ग के उद्घाटन अवसर पर जिलाध्यक्ष सुमन छाजेड़ ने कहा कि भाजपा केवल राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का आंदोलन है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से मजबूत बनाने और संगठन को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से सक्रिय करने के लिए ऐसे प्रशिक्षण वर्ग बेहद आवश्यक हैं। भाजपा कार्यकर्ता सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित की भावना से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का कार्य करते हैं।

कार्यक्रम स्थल पर भाजपा की गौरवशाली यात्रा, संगठन विस्तार और राष्ट्र निर्माण में पार्टी की भूमिका को दर्शाती विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई। प्रदर्शनी में राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व के प्रेरणादायी चित्रों तथा संगठन की ऐतिहासिक यात्रा को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया।

उद्घाटन सत्र में राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री सुमित गोदारा ने “हमारा वैचारिक अधिष्ठान – एकात्म मानव दर्शन, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद एवं पंच निष्ठा” विषय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा की विचारधारा भारतीय संस्कृति और राष्ट्रवाद पर आधारित है तथा पार्टी समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए कार्य कर रही है।
दूसरे सत्र में भाजपा प्रदेश महामंत्री कैलाश मेघवाल ने “भाजपा का इतिहास एवं विकास” विषय पर संगठन की संघर्ष यात्रा और विस्तार की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के रूप में स्थापित हो चुकी है और इसका श्रेय समर्पित कार्यकर्ताओं को जाता है।

तृतीय सत्र में संगठन जिला प्रभारी ओम सारस्वत ने “कार्यकर्ता विकास – गुण, आचरण और अपेक्षाएं” विषय पर अनुशासन, व्यवहार और संगठनात्मक जिम्मेदारियों पर प्रकाश डाला। वहीं विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल ने “कार्य पद्धति” विषय पर संगठनात्मक कार्यों के प्रभावी संचालन की जानकारी दी।

पूर्व जिलाध्यक्ष विजय आचार्य ने “कार्य विस्तार” विषय पर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया। अंतिम सत्र में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता भवानी पाईवाल ने सोशल मीडिया, मीडिया प्रबंधन, नई तकनीक और AI के सकारात्मक उपयोग पर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया।
कार्यक्रम में विधायक सिद्धि कुमारी, जेठानंद व्यास, जिला प्रभारी जालम सिंह भाटी, सत्यप्रकाश आचार्य, सुशीला कंवर राजपुरोहित सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।