मानवीय संवेदनाओं और सामाजिक यथार्थ को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करती हैं जोशी की कहानियां

शिक्षा

वरिष्ठ कवि-कथाकार राजेंद्र जोशी के हिंदी कहानी संग्रह ‘प्लॉट नंबर 203’ के पंजाबी अनुवाद का हुआ विमोचन

बीकानेर // वरिष्ठ कवि -कथाकार राजेन्द्र जोशी के हिंदी कहानी संग्रह ‘प्लॉट नंबर 203’ के पंजाबी अनुवाद का विमोचन समारोह शनिवार को महारानी सुदर्शन कन्या महाविद्यालय में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. नवदीप सिंह बैंस, राष्ट्रीय पंजाबी महासभा के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद मिढ्ढा तथा जनसंपर्क विभाग के उपनिदेशक डॉ. हरिशंकर आचार्य के आतिथ्य में लोकार्पण किया गया । इस अवसर पर अन्य साहित्यप्रेमी भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. बैंस ने कहा कि एक भाषा के साहित्य को दूसरी भाषा में अनुवादित करना साहित्यिक संवाद को मजबूत करता है। इससे विविध भाषाओं के बीच सामंजस्य बढ़ता है और उनकी सांस्कृतिक समृद्धि और अभिव्यक्ति की विविधता को समझने का अवसर मिलता है।

राष्ट्रीय पंजाबी महासभा के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद मिढ्ढा ने कहा कि राजेंद्र जोशी ने अपने लेखन के माध्यम से साहित्य को नए आयाम दिए हैं। उनकी कहानियां मानवीय संवेदनाओं और सामाजिक यथार्थ को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करती हैं, जो पाठकों को गहराई से प्रभावित करती हैं।

जनसंपर्क विभाग के उपनिदेशक डॉ. हरिशंकर आचार्य ने कहा कि अनुवाद अत्यंत चुनौतीपूर्ण कार्य है। इसमें मूल रचना की आत्मा, भाव और संवेदना को सुरक्षित रखते हुए दूसरी भाषा में अभिव्यक्त करना होता है, जो कुशलता और संवेदनशीलता दोनों की मांग करता है। उन्होंने कहा कि अनुवादक ने इन कहानियों के साथ पूरा न्याय किया है।

अपनी बात रखते हुए राजेंद्र जोशी ने बताया कि ‘प्लॉट नंबर 203’ का पंजाबी अनुवाद वरिष्ठ रचनाकार एवं पंजाब पुलिस के सेवानिवृत्त अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेजिंदर चंडीहोक द्वारा किया गया है। यह कहानी संग्रह वर्ष 2022 में प्रकाशित हुआ था, जिसमें कुल 15 कहानियां शामिल हैं। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व उनके कविता संग्रह ‘मौन से बात कहीं’ का उर्दू तथा ‘एक रात धूप में’ का अंग्रेजी में अनुवाद हो चुका है। इस पुस्तक का प्रकाशन पंजाब के प्रीत पब्लिकेशन द्वारा किया गया है।

विष्णु शर्मा ने स्वागत उद्बोधन दिया तथा आभार मुरलीमनोहर पुरोहित ने स्वीकार किया। इस अवसर पर अनेक लोग उपस्थित हुए।