


बीकानेर। महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय (एमजीएसयू) द्वारा लागू किए गए नए NEFNS नियम को छात्र संगठनों के विरोध के बाद वापस ले लिया गया है। इस निर्णय से संभाग के हजारों विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिली है। नियम हटाने की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने हाल ही में महानगर मंत्री मेहुल शर्मा के नेतृत्व में कुलगुरु को ज्ञापन सौंपा था।
एबीवीपी छात्र नेता राकेश गोदारा ने बताया कि नए नियम के अनुसार पांचवें सेमेस्टर के विद्यार्थियों को एक भी बैक लगने पर आगामी परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं मिल रही थी। इससे बड़ी संख्या में विद्यार्थियों का एक वर्ष खराब होने की आशंका थी। उन्होंने कहा कि यह नियम प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के भविष्य के लिए भी चिंताजनक था, जिसके कारण विद्यार्थियों में व्यापक आक्रोश था।
छात्र संगठनों द्वारा लगातार उठाई गई मांग और विरोध के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने NEFNS नियम को वापस लेने का निर्णय किया। निर्णय की जानकारी मिलते ही विद्यार्थियों में खुशी की लहर दौड़ गई।
एबीवीपी पदाधिकारियों ने नियम हटाने पर विद्यार्थियों को बधाई देते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन का आभार जताया। इस अवसर पर जिला संयोजक करण झारीवाल, महानगर सहमंत्री भागीरथ गोदारा, योगेंद्र सिंह, शालू गहलोत, विश्वविद्यालय इकाई अध्यक्ष हरीश सारण सहित अन्य छात्र नेताओं ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं और इसे छात्र हित में लिया गया महत्वपूर्ण निर्णय बताया।



