



महिला एवं बाल विकास विभाग ने छात्राओं को ऋण, सब्सिडी और स्किल योजनाओं से कराया अवगत
बीकानेर // महिलाओं के रोजगार और उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जैन गर्ल्स कॉलेज में महिला विभाग एवं रासेयो यूनिट्स के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को एक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।

मीडिया सह प्रभारी विशाल सोलंकी ने बताया कि शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से कविता शर्मा ने छात्राओं को राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सरकार महिलाओं को उद्यम स्थापित करने के लिए ऋण उपलब्ध कराती है, जिस पर सब्सिडी का भी प्रावधान है।
विभाग की पूनम शर्मा ने उद्यमिता के साथ-साथ विभिन्न स्किल डेवलपमेंट योजनाओं की जानकारी साझा करते हुए छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। कॉलेज प्राचार्य डॉ. संध्या सक्सेना ने अपने संबोधन में कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर महिलाएं स्वरोजगार स्थापित कर अपनी आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ बना सकती हैं।
कार्यक्रम में विभाग की ओर से योगिता अग्रवाल एवं मनोहरी देवी भी उपस्थित रहीं। इस अवसर पर विभाग द्वारा प्राचार्य सहित डॉ. राजेंद्र जोशी, डॉ. प्रेमरतन तोषनीवाल एवं डॉ. पंकज दाधीच को विभागीय डायरी एवं बैग भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में डॉ. पल्लवी चौहान ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।




