साधु संतों के नेतृत्व में गाजे बाजे से निकली रामजी की बारात

धर्म-कर्म

शहर में जगह-जगह हुई बारातियों की मनुहार, कहीं मीठा पेय पदार्थ तो कहीं की गई जल सेवा व पुष्प वर्षा

बीकानेर // शहर के जवाहर पार्क स्थित श्री राम मंदिर से राम जानकी विवाह उत्सव के तहत आज गाजे बाजे से बारात निकाली गई। बारात में सजे बजे ऊंट, रथ, बैंड बाजे सहित अनेक सजीव झांकियां थीं। इस बारात का जगह-जगह स्वागत किया गया। लोगों ने पुष्पवर्षा कर जय श्री राम के नारों के साथ बारातियों का स्वागत किया। लोगों ने कहीं पर मीठा पेय पदार्थ बारातियों को पिलाया तो कहीं पर चाय व पानी की व्यवस्था भी की गई।

यह बारात डूडी पेट्रोल पंप के आगे से होती हुई विश्वकर्मा सर्किल से जसुसर गेट, बीके स्कूल होते हुए डागा मोहल्ला से मोहता चौक फिर बारह गुवाड़ चोक पहुंची जहां पर रमक झमक मंच पर प्रहलाद ओझा भैरू की तरफ से बारातियों का स्वागत किया गया। उन्हें चाय की मनुहार की गई। इसके बाद बारात नत्थूसर गेट से गोकुल सर्कल, पुष्करणा स्टेडियम, नया शहर थाने के आगे से वापस बारात जवाहर पार्क पहुंची। यहां भगवान रामजी सहित सभी भाइयों ने वरमाला डाली। वहां बारातियों को भोजन प्रसादी प्रदान की गई।

इस बारात में राम जानकी विवाह उत्सव के संयोजक राम झरोखा धाम के महंत सरजूदास जी महाराज, स्वामी विमर्शनंद महाराज सहित अनेक साधु संत थे। इसके अलावा समाजसेवी राजेश चूरा, भंवर पुरोहित, महेंद्र चुरा, राजकुमार व्यास, राजेंद्र पुरोहित सहित बड़ी संख्या में लोग बरात में शामिल हुए।

सजीव झांकिया ने मनमोहा

बारात में भगवान राम सहित ब्रह्मा, विष्णु, महेश की सजीव झांकी थी। वही भगवान सूर्य नारायण का एक विग्रह भी रथ में विराजित किया गया था। इसके अलावा हनुमान जी व भगवान शंकर भोलेनाथ की सजीव झांकी भी देखने लायक रही।

बारात पहुंचते ही महिलाओं ने गए मांगलिक गीत

जवाहर पार्क में बनाए अवधपुरी से बारात रवाना होकर वापस जवाहर पार्क के जनकपुरी में पहुंची तो महिलाओं ने मांगलिक गीत गाकर बारातियों का स्वागत किया। यहां पर राम जानकी का विवाह वैदिक मंत्रोचार के साथ संपन्न हुआ। इस दौरान समूचा शहर इस अनूठे आयोजन को देखना उमड़ पड़ा।