



4 घंटे देरी से मंच पर पहुंचे हनुमान बेनीवाल मगर कार्यकर्ताओं में दिखाई दिया दुगना जोश
रैली की समाप्ति के बाद शहर में यातायात व्यवस्था चरमराई
प्रमोद आचार्य
बीकानेर // राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के सुप्रीमो एवं नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने अपनी पार्टी की स्थापना के 7 वर्ष पूर्ण होने पर बीकानेर में हुंकार रैली का आयोजन किया। इस दौरान बीकानेर संभाग सहित पड़ोसी जिलों से पहुंचे लाखों कार्यकर्ताओं ने इस रैली में भाग लिया। बेनीवाल अपने निर्धारित समय से 4 घंटे देरी से मंच पर पहुंचे मगर कार्यकर्ताओं में दुगना जोश दिखाई दिया। इस अवसर पर हनुमान बेनीवाल ने भाजपा व कांग्रेस को सांप नाथ व नागनाथ की संज्ञा देते हुए दोनों की दोनों दलों की जमकर खींचाई की।

बेनीवाल ने कहा कि वह हमेशा पीड़ित वह शोषित वर्ग के लिए लड़ाई लड़ते हैं उनके साथ कई लोग आए और दूसरे दलों में चले गए मगर उनका एक ही सपना है कि राजस्थान अपराध मुक्त हो भ्रष्टाचार मुक्त हो तथा देश के जवानों नौजवानों व किसानों तथा वंचित वर्ग को उनके हक हकूक मिले। उनके साथ न्याय हो इसलिए आरएलपी हमेशा संघर्ष करती रहेगी।

राजस्थान की कानून व्यवस्था वेंटिलेटर पर है : बेनीवाल
आरएलपी सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था वेंटिलेटर पर है। मुख्यमंत्री भजनलाल से राजस्थान संभाल नहीं रहा है। प्रदेश के आईएएस अधिकारी सरकार चला रहे हैं। पूरी सरकार अधिकारियों के कब्जे में हैं। मंत्रिमंडल में भी भौंदू किस्म के लोग मंत्री बने बैठे हैं जिनको किसी तरह का ज्ञान नहीं है इसलिए राजस्थान में आपराधिक गतिविधियां दिनों दिन बढ़ती जा रही है। उन्होंने आश्चर्य व्यक्त किया कि पहले कहीं भी हत्या वगैरा होती थी तो उसकी जिम्मेदारी आतंकी संगठन लेते थे मगर अब कई गैंगस्टर खुले आम सोशल मीडिया पर मर्डर की जिम्मेदारी अपने ऊपर ले रहे हैं मगर इसके बावजूद अपराधी अभी भी पुलिस की पहुंच से दूर है क्योंकि प्रदेश में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है। उन्होंने कहा कि आप लोगों के सहयोग से ही आज राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी अपनी स्थापना के 7 वर्ष पूरे कर चुकी है। इन 7 वर्षों में मैंने बहुत कुछ खोया है। बेनीवाल ने भावुक होते हुए कहा कि हमारी पार्टी के तीन विधायक होते थे मगर अब विधानसभा में एक भी विधायक नहीं है लेकिन मैंने यह अपार जनसमूह पाया है इसकी मुझे खुशी है। आज यहां पर बीकानेर संभाग के चारों जिलों से एवं पड़ोसी जिले जोधपुर, नागौर, सीकर, अजमेर, भीलवाड़ा, बाड़मेर, जैसलमेर, फलोदी से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मुझ पर विश्वास जताने के लिए यहां पर एकत्रित हुए हैं। इसलिए मैं इन सभी का हार्दिक आभार व्यापित करता हूं।

चौधरी व जाट हुए आरएलपी में शामिल
बीकानेर में आयोजित आरएलपी की रैली में दो बड़े चेहरे आज आरएलपी में शामिल हो गए। उन्होंने हनुमान बेनीवाल में अपनी आस्था जताई। इस दौरान राजस्थान सरकार के पूर्व मंत्री किसान नेता दिलीप चौधरी कांग्रेस छोड़कर आरएलपी में शामिल हो गए। इसी प्रकार वरिष्ठ आरएएस अधिकारी प्रभातीलाल जाट भी आरएलपी में शामिल हो गए। प्रभातीलाल कई जिलों में अतिरिक्त जिला कलेक्टर भी रह चुके हैं। मंच पर जैसे उनकी घोषणा हुई तो पूरा पंडाल तालिया से गूंज उठा इस दौरान 95 बरस की है गोल्डन दादी के नाम से प्रसिद्ध एक महिला भी मंच पर आई तो कार्यकर्ताओं में जोश बढ़ गया।
पूरा परिवार नजर आया मंच पर
आरएलपी के 7वें स्थापना दिवस पर बीकानेर के पॉलिटेक्निक कॉलेज में आयोजित इस महारैली में हनुमान बेनीवाल का पूरा परिवार मंसचथ रहा। इस दौरान उनकी धर्मपत्नी तथा खींवसर विधानसभा में आरएलपी की उम्मीदवार रहीं कनिका बेनीवाल, खीवसर से पूर्व विधायक नारायण बेनीवाल, बेनीवाल के पुत्र आशुतोष बेनीवाल व बेटी सहित अनेक परिजन मंच पर मौजूद रहे।
बेनीवाल ने 7 संकल्प बताएं
आरएलपी की स्थापना के 7 वर्ष पूर्ण होने पर हनुमान बेनीवाल ने अपनी पार्टी के आगामी 7 संकल्प भी बताये। उन्होंने मंच से कहा कि देश के नौजवानों व किसानों को उनके पूर्ण अधिकार मिले, पीड़ित व शोषित वर्ग के साथ हमेशा न्याय हो, राजस्थान भयमुक्त व भ्रष्टाचार मुक्त हो, प्रदेश में बढ़ रही अपराधी गतिविधियों पर पूर्णतया अंकुश लगे, किसानों को उनकी मेहनत व फसलों के पूरे दाम मिले, सरकार समर्थन मूल्य पर उनकी उपज को खरीदें, फसल बीमा योजना का पूर्ण पैसा किसानों के खाते में जाए तथा सेना भर्ती रेलिया नियमित रूप से हो और अग्नि वीर जैसी फर्जी योजनाएं सरकार बंद करें। ऐसे करीब सात संकल्प उन्होंने मंच से अपने कार्यकर्ताओं को सुनाए। कार्यकर्ताओं ने सातों संकल्प पर जोरदार तालियां बजाकर जोश बढाया।
रैली समाप्ति के बाद शहर में यातायात व्यवस्था चरमराई
बीकानेर के पॉलिटेक्निक कॉलेज में आयोजित आरएलपी की रैली के बाद शहर में यातायात व्यवस्था पूर्णतया चरमा गई। कॉलेज मैदान से शहर की ओर जाने वाले सभी मार्गों पर लंबे समय तक जाम के हालात बने रहे। हालांकि जगह-जगह पुलिस व्यवस्था थी। यातायात पुलिस भी जगह-जगह तैनात रही। बड़ी संख्या में पुलिस बल सभा स्थल पर मौजूद रहा मगर इसके बावजूद जैसे ही रैली समाप्ति की घोषणा हुई तो लोग अपने गांव की तरफ भागने लगे। इस चक्कर में शहर में कई स्थानों पर जाम लग गया। लोग बुरी तरह जाम में फंसे रहे।



