

जिला निर्वाचन अधिकारी अरुण कुमार पुरोहित ने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम – 2025 के संबंध में विस्तृत जानकारी एवं दिशा-निर्देश साझा किए
नागौर // जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) अरुण कुमार पुरोहित ने बुधवार को अपने कक्ष में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण — 2025 को लेकर चर्चा की तथा विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के संबंध में विस्तृत जानकारी एवं दिशा-निर्देश साझा किए तथा मीडिया के साथ संवाद किया।
जिला निर्वाचन अधिकारी पुरोहित ने कहा कि एसआईआर के दौरान सभी राजनैतिक दलों से सहयोग अपेक्षित है। राजनैतिक दलों के बूथ लेवल अभिकर्ता एसआईआर के दौरान समुचित सहयोग करें ताकि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अपेक्षित गतिविधियां समयबद्ध ढंग से संपादित की सकें। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार विशेष गहन पुनरीक्षण —2025 की प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची को अद्यतन करने, नई प्रविष्टियों को शामिल करने तथा त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों को हटाने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी, निष्पक्ष एवं आयोग के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार की जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे अपने-अपने बूथ स्तर के पदाधिकारियों के माध्यम से मतदाता सूची के अद्यतन कार्य में सहयोग करें और पात्र नागरिकों को मतदाता बनने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने यह भी कहा कि बीएलओ द्वारा मतदाताओं की मैपिंग की जा रही है। उन्होंने राजनीतिक दलों व मीडिया प्रतिनिधियों से अपील करते हुए कहा कि एसआईआर को लेकर अफवाहें आदि सामने आने पर संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी या जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में सूचित करें। निर्वाचन से संबंधित सभी गतिविधियाँ निर्वाचन आयोग के दिशा— निर्देशों के अनुरूप एवं निष्पक्षता की भावना से संपन्न की जाएंगी। उन्होंने ने जिले में मतदाताओं, एसआईआर कार्यक्रम, मतदान केन्द्रों, बीएलए नियुक्ति, प्रथम व द्वितीय अपील, ईआरओ द्वारा नोटिस जारी करना व आवश्यक दस्तावेज सहित विभिन्न बिन्दुओं की जानकारी दी।
इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी चम्पालाल जीनगर, सहित समस्त एआरओ भारतीय जनता पार्टी के पदम सारस्वत,रमेश अपूर्वा व बंजरग शर्मा इंडियन नेशनल कांग्रेस मोतीलाल चन्देल व हनुमान बागंडा मौजूद रहे।
07 फरवरी तक चलेगा एसआईआर
जिला निर्वाचन अधिकारी पुरोहित ने बताया कि एसआईआर कार्यक्रम की जानकारी साझा करते हुए बताया कि 28 अक्टूबर से 03 नवंबर, 2025 तक प्रिंटिंग और प्रशिक्षण होगा। इसके बाद 04 नवंबर से 04 दिसंबर, 2025 तक इनुमेरेशन पीरियड रहेगा और 09 नवंबर, 2025 को मतदाता सूची के ड्राफ्ट का प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद 09 दिसंबर, 2025 से 08 जनवरी, 2026 तक दावे व आपत्तियां किए जा सकेंगे। 09 दिसंबर, 2025 से 31 जनवरी, 2026 तक नोटिस फेज चलेगा, जिसमें इनुमेरेशन फॉर्म पर निर्णय तथा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी द्वारा दावे व आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। इसी क्रम में 03 फरवरी, 2025 तक मतदाता सूचियों की स्पष्टता की जांच तथा अंतिम प्रकाशन हेतु आयोग की अनुमति ली जाएगी और 07 फरवरी, 2025 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
जिले में वर्तमान में 14 लाख 15 हजार 73 मतदाता
उन्होंने बताया कि नागौर जिले में वर्तमान में 14 लाख 15 हजार 73 मतदाता हैं, जिनमें से 7 लाख 29 हजार 71 पुरुष मतदाता, 6 लाख 85 हजार 997 महिला मतदाता एवं 5 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं।



