भाजपा नेता किराडू ने खोला विधायक जेठानंद के खिलाफ मोर्चा

राजनीति

प्रेस वार्ता में किराडू ने विधायक पर लगाया जनता को धोखा देने का आरोप

बीकानेर // बरसों तक कांग्रेस में रहने के बाद पिछले विधानसभा चुनाव में बीजेपी का दामन थामने वाले राजकुमार किराडू आज विधायक जेठानंद व्यास पर बिफर पड़े। उन्होंने अपने घर पर आयोजित एक प्रेस वार्ता में यहां तक कह दिया कि विधायक जेठानंद व्यास बतौर भाजपा प्रत्याशी उनके पसंदीदा उम्मीदवार नहीं थे मगर पार्टी का आदेश मानकर उन्होंने अपने खून पसीने से चुनाव में मेहनत की और जेठानंद को विजयी बनाया मगर इसके बावजूद वह जनता की आकांक्षाओं पर खरे नहीं उतरे।

प्रेस वार्ता में भाजपा नेता राजकुमार किराडू ने कहा कि जेठानंद व्यास ने चुनाव से पूर्व चुनावी सभाओ में बीकानेर में जनता से यह वादा किया था कि वह बीकानेर को परिवारवाद, वंशवाद, भ्रष्टाचार मुक्त और नशामुक्त बनाएंगे मगर उनके सारे वादे खोखले निकले। वे खुद परिवारवाद और वंशवाद को बढ़ावा दे रहे हैं। इस दौरान किराडू ने यह भी बताया कि उनके पूर्व में दो ड्राइवर खुलेआम भ्रष्टाचार करते थे उनमें से एक तो करोड़ों की लूट में जेल में बंद है जबकि दूसरे को खुद जेठानंद ने निकाल दिया। इसी तरह वे विवादित जमीनों में भी पंचायती करते हैं और खुलेआम सेटिंग कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि शहर में सट्टा पर्ची व नशाखोरी दिनों दिन बढ़ती जा रही है मगर जेठानंद व्यास कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे हैं। उनके कार्यकाल में भ्रष्टाचारियों व सटोरियों के खिलाफ कोई बड़ी कार्रवाई नहीं हुई जबकि भू माफिया को उन्होंने संरक्षण दे रखा है।

“मैं बीमार हूं मेरा पूछने तक नहीं आए”

इस प्रेस वार्ता में भले ही राजकुमार किराडू ने विधायक जेठानंद पर तरह-तरह के आरोप लगाए हो मगर उनकी व्यक्तिगत पीड़ा भी छलक गई। जब उन्होंने बताया कि वह लंबे समय से बीमार है मगर जेठानंद व्यास उनका हाल-चाल पूछने तक घर पर नहीं आए। किराडू ने पत्रकारों को बताया कि केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल उनका हाल-चाल पूछने आ चुके हैं जबकि कैबिनेट मंत्री सुमित गोदारा, विधायक सिद्धि कुमारी सहित भाजपा के जिला अध्यक्ष भी फोन पर उनका हाल-चाल पूछते रहते हैं मगर जेठानंद ना तो घर पर आए नहीं उन्होंने कभी मुझे फोन किया इसलिए उन्हें बहुत दुख हो रहा है।