जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष द्वारका प्रसाद पचीसिया ने जिला कलेक्टर से की मुलाकात

व्यापार

बीकानेर के समग्र विकास में नहीं छोड़ी जाएगी कसर : कलक्टर जैन

बीकानेर // जिले के समग्र विकास को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इसमें कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। यह बात जिला कलक्टर निशांत जैन ने बीकानेर जिला उद्योग संघ के पदाधिकारियों से चर्चा के दौरान कही।

जिला कलेक्टर ने शनिवार को बीकानेर जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल से बातचीत के दौरान यह बात कही। इस अवसर पर सचिव वीरेंद्र किराडू, संयुक्त सचिव श्यामसुन्दर सोनी सहित राजीव शर्मा, अरविंद चौधरी एवं पिंटू राठी ने कलक्टर जैन से मुलाकात कर औद्योगिक एवं व्यापारिक विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।

अध्यक्ष पचीसिया ने बताया कि बीछवाल औद्योगिक क्षेत्र में लगभग 1 लाख 32 हजार वर्गमीटर का भूखंड वर्ष 2002 से निष्क्रिय पड़ा है। इस भूमि का उपयोग पापड़, भुजिया, बड़ी एवं नमकीन जैसे खाद्य उद्योगों के लिए फूड जोन के रूप में किया जा सकता है, जहां 75 से 90 लघु उद्योग इकाइयों की स्थापना संभव है। इससे शहर के भीतर संचालित लघु उद्योगों को भी सुव्यवस्थित स्थान उपलब्ध हो सकेगा।

बैठक में बीछवाल और करणी औद्योगिक क्षेत्रों के बीच स्थित रेलवे फाटक की समस्या भी प्रमुखता से उठाई गई। बताया गया कि यह फाटक दिनभर में लगभग 35 से 40 बार बंद रहता है, जिससे औद्योगिक इकाइयों के कार्य प्रभावित होते हैं। इस समस्या के समाधान के लिए उक्त मार्ग पर ओवरब्रिज निर्माण हेतु रीको चेयरमेन को अनुशंसा करने का सुझाव दिया गया।

इसके अतिरिक्त रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्र की रोड नंबर 5 पर क्षतिग्रस्त डिवाइडर की मरम्मत, उनकी ऊंचाई बढ़ाने, सड़क की रिपेयरिंग तथा उचित विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग रखी गई। साथ ही रोड नंबर 5 से चोपड़ा कटला तक के मार्ग के सौंदर्यकरण एवं आवागमन को सुगम बनाने का प्रस्ताव भी रखा गया। कलक्टर जैन ने सभी सुझावों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के माध्यम से आवश्यक कार्यवाही का भरोसा दिलाया।