



स्थापना दिवस पर 15 चित्रकार उकेरेंगे प्रमुख धरोहरें, 16 को चंदा महोत्सव व 17 को सांस्कृतिक संध्या
बीकानेर // शहर के 539वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में “म्हारो प्यारो बीकाणो” थीम के तहत रविवार को श्री लक्ष्मीनाथ जी पार्क की दीवारों पर रंगों की छटा बिखरेगी। श्री लक्ष्मीनाथ मंदिर विकास एवं पर्यावरण समिति, जिला प्रशासन, बीकानेर विकास प्राधिकरण व राजस्थान संगीत नाटक अकादमी के संयुक्त तत्वावधान में तीन दिवसीय कार्यक्रमों की शुरुआत 12 अप्रैल को सुबह 10 बजे चित्रकारी कार्यशाला से होगी।
समिति के सचिव सीताराम कच्छावा ने बताया कि कार्यशाला में शहर के 15 सुप्रसिद्ध चित्रकार भाग लेकर पार्क की दीवारों को बीकानेर की पहचान से जोड़ेंगे। कार्यशाला के संयोजक धर्मा स्वामी व उप संयोजक रामकुमार भादाणी के अनुसार कलाकार शहर के प्रमुख स्थलों को चित्रों में उकेरेंगे।
इनमें श्री लक्ष्मीनाथ जी मंदिर, भांडाशाह जैन मंदिर, राव बीकाजी की टेकरी, कोटगेट, जूनागढ़ किला, लक्ष्मी निवास पैलेस, रामपुरिया हवेली, करणी माता मंदिर, गजनेर झील व कोलायत सरोवर सहित अन्य स्थानों के चित्र शामिल रहेंगे। इसके साथ ही सूर्य नमस्कार की विभिन्न मुद्राएं भी चित्रित की जाएंगी।
कार्यशाला में धर्मा स्वामी, रामकुमार भादाणी, डॉ. मोना सरदार डूडी, एस.के. नाथ, मुकेश जोशी, अनिल बन, कमल जोशी, प्रिया मारु, जय श्री सुथार, उमा शंकर पड़िहार, मुकेश उपाध्याय, महेश लावा, लक्ष्मी चौधरी, गणेश रंगा व लक्ष्या रांकावत अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे।
16 अप्रेल को होगा चंदा महोत्सव
तीन दिवसीय कार्यक्रमों की श्रृंखला में 16 अप्रैल को शाम 5:30 बजे गढ़ गणेश मंदिर परिसर में ‘चंदा महोत्सव’ आयोजित होगा। वहीं 17 अप्रैल को रात्रि 7:30 बजे श्री लक्ष्मीनाथ जी पार्क में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा।
आयोजन के जरिए शहर की कला, संस्कृति और विरासत को एक मंच पर प्रदर्शित करने का प्रयास किया जा रहा है।




