



लक्ष्मीनाथ मंदिर परिसर में आयोजन, जनप्रतिनिधियों व कलाकारों ने निभाई सदियों पुरानी परंपरा
बीकानेर // शहर के 539वें स्थापना दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन, बीकानेर विकास प्राधिकरण और श्री लक्ष्मीनाथ मंदिर विकास एवं पर्यावरण समिति के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को लक्ष्मीनाथ मंदिर के सामने स्थित गणेश मंदिर में ‘चंदा उत्सव’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, कलाकारों और आमजन ने पारंपरिक चंदा उड़ाकर शहर की खुशहाली की कामना की।
कार्यक्रम में बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास, सीओ सिटी अनुज डाल, इतिहासकार प्रो. भंवरलाल भादानी सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सभी ने ‘आकाशा में उड़े म्हारो चंदो, लखमीनाथ म्हारी सहाय करें’ जैसे पारंपरिक गीत गाकर चंदा उड़ाया और समृद्धि की कामना की।
समिति के सचिव सीताराम कच्छावा ने बताया कि कार्यक्रम में चंदा कलाकारों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान अतिथियों ने बीकानेर की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं की सराहना करते हुए कहा कि स्थानीय कलाकारों का योगदान इन परंपराओं को जीवित रखने में अहम है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल हुए और सभी ने स्थापना दिवस की एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं। अतिथियों का स्वागत समिति सदस्यों द्वारा किया गया।
सांस्कृतिक संध्या का आयोजन 17 को
स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में शुक्रवार, 17 अप्रैल को रात 7:30 बजे लक्ष्मीनाथ पार्क में भव्य ‘सांस्कृतिक संध्या’ का आयोजन किया जाएगा। इसमें स्थानीय कलाकारों के साथ राजस्थान संगीत नाटक अकादमी, जोधपुर के आमंत्रित कलाकार रंगारंग प्रस्तुतियां देंगे।




