




पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व मंत्री देवी सिंह भाटी, पूर्व मंत्री डॉ बीडी कल्ला सहित अनेक लोग हुए अंतिम यात्रा में शामिल
बीकानेर // देश और दुनिया में बीकानेर को नई पहचान दिलाने वाले बीकाजी फूड्स के सीएमडी शिवरतन अग्रवाल ‘फन्ना बाबू’ का शुक्रवार को अंतिम संस्कार किया गया। उनकी पार्थिव देह पंचतत्व में विलीन हुई। हाड़ी कुंडी स्थित उनके पैतृक श्मशान घाट में पूरे विधि-विधान के साथ अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। इस दौरान प्रदेशभर से आए गणमान्य व्यक्तियों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों और शहरवासियों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।

फन्ना बाबू के पुत्र और बीकाजी के एमडी दीपक अग्रवाल ने मुखाग्नि दी। फन्ना बाबू का गुरुवार को चेन्नई में निधन हो गया था। निधन के बाद उनकी पार्थिव देह को विशेष विमान से बीकानेर लाया गया।

शुक्रवार प्रातः उनके निवास पर अंतिम दर्शन के लिए लोगों का तांता लगा रहा। बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की और परिवारजनों को सांत्वना दी। इसके बाद उनकी अंतिम यात्रा उनके निवास स्थान से शुरू होकर शहर के विभिन्न मार्गों से होती हुई नत्थूसर गेट के बाहर स्थित श्मशान स्थल पहुंची। अंतिम यात्रा में शहर के हर वर्ग के लोग शामिल हुए, जो उनके प्रति सम्मान और स्नेह का प्रतीक था।

श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व मंत्री देवी सिंह भाटी, पूर्व मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला, गोविंद मेघवाल, भंवर सिंह भाटी, पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा, कांग्रेस अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल, यशपाल गहलोत सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। इसके अलावा शहर के प्रमुख व्यापारी, उद्योगपति, समाजसेवी और आमजन भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
जिनमें बीकानेर जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया, कन्हैयालाल बोथरा, नगर विकास न्यास के पूर्व अध्यक्ष महावीर रांका अशोक सुराणा, जयकिशन अग्रवाल, राजीव शर्मा, वरिष्ठ साहित्यकार राजेंद्र जोशी, वरिष्ठ अधिवक्ता हीरालाल हर्ष, जनक हर्ष सहित अनेक लोग मौजूद रहे। केन्द्रीय कानून मंत्री की ओर से उनके निजी सहायक विक्रम सिंह राजपुरोहित ने पुष्प चक्र अर्पित किया। इस दौरान यशपाल गहलोत, मकसूद अहमद, संजय आचार्य, कमल कल्ला, गिरधर जोशी, उद्घोषक रविंद्र हर्ष, ज्योति रंगा, तीरंदाजी के नेशनल कोच अनिल जोशी सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
फन्ना बाबू ने अपने नेतृत्व में बीकाजी को देश-विदेश में एक अलग पहचान दिलाई। उनके निधन को उद्योग जगत और बीकानेर के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। उनकी सादगी, दूरदर्शिता और सामाजिक सरोकारों के प्रति समर्पण को सभी ने याद किया। अंतिम संस्कार के दौरान वातावरण शोकाकुल रहा और हर किसी की जुबान पर फन्ना बाबू के व्यक्तित्व और योगदान की चर्चा रही।



