खेलों का सबसे बड़ा महाकुंभ शुरू: शीतल देवी को देखने उमड़ा जनसैलाब, तीन हजार खिलाड़ियों के जोश से गूंजा पुष्करणा स्टेडियम

आसपास

‘खेलो बीकानेर यूथ गेम्स 3.0’ का हुआ भव्य आगाज़, अगले पांच दिन 18 खेलों की होंगी विभिन्न स्पर्धाएं

नंदलाल जोशी चैरिटेबल फाउंडेशन के तत्वावधान में हो रहा आयोजन

बीकानेर के खेल इतिहास में सोमवार की शाम एक नया अध्याय जुड़ गया, जब पुष्करणा स्टेडियम हजारों खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और दर्शकों की उत्साहपूर्ण मौजूदगी से गुलजार हो उठा। नंदलाल जोशी चैरिटेबल फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित ‘खेलो बीकानेर यूथ गेम्स 3.0’ का भव्य उद्घाटन रंगारंग समारोह के साथ हुआ। लगभग 3000 खिलाड़ियों की सहभागिता ने यह साबित कर दिया कि बीकानेर अब खेलों की नई पहचान बनने की ओर तेजी से बढ़ रहा है।

इस वर्ष आयोजित खेलो बीकानेर यूथ गेम्स में 18 विभिन्न खेलों को शामिल किया गया है, जिनमें अगले पांच दिनों तक रोमांचक मुकाबले होंगे। शहर के विभिन्न खेल मैदानों पर खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे और श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर मिलेगा।

उद्घाटन समारोह का शुभारंभ आकाश में रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़कर किया गया। इसके बाद दीप प्रज्वलन के साथ खेल महाकुंभ का विधिवत शुभारंभ हुआ। समारोह में उपस्थित अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। वरिष्ठ उद्घोषक रविंद्र हर्ष ने अतिथियों का परिचय एवं स्वागत किया, जबकि मंच संचालन ज्योति प्रकाश रंगा ने प्रभावी ढंग से किया। कार्यक्रम के अंत में फाउंडेशन की निदेशक पूजा आचार्य ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, सहयोगियों एवं प्रायोजकों का आभार व्यक्त किया।

शीतल देवी बनी खिलाड़ियों की प्रेरणा

उद्घाटन समारोह का सबसे बड़ा आकर्षण अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित एवं विश्वविख्यात पैरा तीरंदाज शीतल देवी रहीं। जन्म से दोनों हाथ नहीं होने के बावजूद पैरों की सहायता से तीरंदाजी कर विश्वभर में भारत का नाम रोशन करने वाली शीतल देवी के स्टेडियम पहुंचते ही पूरा वातावरण तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। हजारों खिलाड़ी उन्हें देखने, उनके साथ फोटो खिंचवाने और सेल्फी लेने के लिए उत्साहित दिखाई दिए।

मार्चपास्ट, योग, कुडो और बॉक्सिंग ने बांधा समां

उद्घाटन समारोह की शुरुआत खिलाड़ियों के अनुशासित मार्चपास्ट से हुई, जिसने दर्शकों का दिल जीत लिया। इसके बाद कुडो के रोमांचक प्रदर्शन और योग की मनमोहक प्रस्तुतियों ने खेल, अनुशासन और भारतीय संस्कृति का सुंदर संदेश दिया।

शाम होते-होते बॉक्सिंग प्रतियोगिताओं के साथ खेल मुकाबलों का विधिवत शुभारंभ हुआ। वहीं रंग-बिरंगी आतिशबाजी ने पूरे पुष्करणा स्टेडियम को रोशनी और उल्लास से भर दिया। हजारों दर्शकों ने इस मनमोहक दृश्य का भरपूर आनंद लिया।

अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों का हुआ सम्मान

समारोह के दौरान अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी दयालाराम जाट एवं प्रांजल ठोलिया का विशेष सम्मान किया गया। इनके उत्कृष्ट खेल योगदान और उपलब्धियों की सराहना करते हुए युवा खिलाड़ियों को उनसे प्रेरणा लेने का संदेश दिया गया।

बीकानेर को खेलों की नई पहचान देने का संकल्प- रविन्द्र हर्ष

कार्यक्रम के संयोजक रविंद्र हर्ष ने कहा कि खेलो बीकानेर यूथ गेम्स का उद्देश्य बीकानेर में खेल संस्कृति को मजबूत करना और अधिक से अधिक युवाओं को खेलों से जोड़ना है। हम शहर को नई पहचान देना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि लगातार तीसरे वर्ष आयोजित हो रहा यह आयोजन अब शहर का सबसे बड़ा खेल उत्सव बन चुका है और आने वाले वर्षों में इसे और व्यापक स्वरूप दिया जाएगा।

बीकानेर में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं – अनिल जोशी

फाउंडेशन के निदेशक अनिल जोशी ने आयोजन की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि खेलो बीकानेर यूथ गेम्स केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि बीकानेर की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का अभियान है। उन्होंने कहा कि बीकानेर में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उचित मंच और अवसर उपलब्ध कराने की है। इसी सोच के साथ यह आयोजन प्रारंभ किया गया था और आज यह हजारों खिलाड़ियों का विश्वास बन चुका है। फाउंडेशन की निदेशक पूजा आचार्य ने कहा कि प्रत्येक वर्ष खिलाड़ियों और खेलों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है।

अतिथियों ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

प्रसिद्ध उद्यमी अविनाश मोदी ने कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण का सबसे सशक्त माध्यम हैं। ऐसे आयोजन प्रतिभाओं को मंच देने के साथ-साथ अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास का विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि बीकानेर में खेलों का बढ़ता वातावरण पूरे शहर के लिए गौरव का विषय है और उद्योग जगत हमेशा ऐसे सकारात्मक प्रयासों के साथ खड़ा रहेगा। देवकिशन चांडक ने कहा कि खेलो बीकानेर यूथ गेम्स जैसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरी निष्ठा, ईमानदारी और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा कि हार और जीत खेल का हिस्सा हैं, लेकिन खेलों से मिलने वाले संस्कार और अनुभव जीवनभर साथ रहते हैं।

जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष डी.पी. पच्चीसीया ने कहा कि बीकानेर में खेलों के क्षेत्र में हो रहे ऐसे प्रयास भविष्य में शहर की नई पहचान बनेंगे। उन्होंने कहा कि जब समाज, उद्योग जगत और खेल संगठन मिलकर कार्य करते हैं तो प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिलते हैं।

गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति

उद्घाटन समारोह में शहर के उद्योग, व्यापार, खेल एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े अनेक प्रतिष्ठित व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। समारोह में मोदी डेयरी के अविनाश मोदी, देवकिशन चांडक देवश्री, सुमति सुराणा, सुनीत गांधी, ज्योतिषाचार्य पंडित प्रदीप किराडू, रामरतन धारणिया, जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष डी.पी. पच्चीसीया, पैरा ओलम्पियन श्यामसुंदर स्वामी, एसबीआई बैंक के प्रतिनिधि, विनोद बाफना, राजेश पारीक, पिंटू राठी, वीरेंद्र किराडू, विवेक गोयल, राजेंद्र जोशी, राजेश चूरा, अनिल बोडा, डॉ. सुभाष जोशी, जेपी व्यास, मधु खत्री, सीताराम कच्छावा, राजकीय अभिभाषक राधेश्याम सेवग व जार के जिलाध्यक्ष प्रमोद आचार्य सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, खेल प्रेमी, खिलाड़ी, प्रशिक्षक एवं अभिभावक उपस्थित रहे।