




बच्चों को पढ़ाया विज्ञान और अंग्रेजी का पाठ
बीकानेर // माध्यमिक शिक्षा निदेशालय के अतिरिक्त निदेशक शैलेंद्र देवड़ा ने सोमवार को बीकानेर स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय (पवनपुरी दक्षिण विस्तार) एवं महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय (हाउसिंग बोर्ड) का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और स्वयं, शिक्षक की भूमिका निभाते हुए विद्यार्थियों को विषयगत बारीकियां भी समझाईं।
विद्यार्थियों से किया सीधा संवाद
निरीक्षण के दौरान शैलेन्द्र देवड़ा ने कक्षा 9 और 10 के विद्यार्थियों से विज्ञान तथा कक्षा 12 के छात्र-छात्राओं से अंग्रेजी विषय पर संवाद किया। उन्होंने स्वयं शिक्षण कराते हुए कठिन अवधारणाओं को सरल तरीके से समझाया। सही उत्तर देने वाले विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। वहीं कक्षा 3 और 5 के विद्यार्थियों को अनुशासन का पालन करने और जीवन में शिक्षा के महत्व के बारे में बताया।
व्यवस्थाओं का लिया जायजा, दिए आवश्यक निर्देश
अतिरिक्त निदेशक देवड़ा ने विद्यालय परिसर में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र का भी अवलोकन किया। उन्होंने पोषाहार की गुणवत्ता की जांच की और विद्यालय की समग्र व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। संस्था प्रधानों को निर्देश देते हुए कहा कि विद्यार्थियों के गृहकार्य, शिक्षण की पुनरावृत्ति (रिवीजन) और नियमित कक्षा परीक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही शिक्षकों को अभिभावकों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि बच्चों की शैक्षणिक प्रगति पर निगरानी रखी जा सके।
आधारभूत सुविधाओं पर दिया जोर
भीषण गर्मी को देखते हुए शैलेंद्र देवड़ा ने विद्यालय प्रशासन को विद्यार्थियों के लिए ठंडे पेयजल की निरंतर उपलब्धता और बिजली की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिक्षण कार्य के साथ-साथ विद्यार्थियों की सुविधाओं और स्वास्थ्य से कोई समझौता नहीं किया जाना चाहिए।



