प्रो. राजेंद्र कुमार पुरोहित ने राजकीय डूंगर महाविद्यालय के प्राचार्य पद का कार्यभार संभाला

शिक्षा

बीकानेर // शिक्षा, शोध और अकादमिक नेतृत्व के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान रखने वाले प्रो. राजेंद्र कुमार पुरोहित ने शनिवार को राजकीय डूंगर महाविद्यालय, बीकानेर के प्राचार्य पद का कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार ग्रहण के साथ ही महाविद्यालय परिवार ने उनका गर्मजोशी से स्वागत करते हुए नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएँ दीं।

इस अवसर पर प्रो. पुरोहित ने कहा कि राजकीय डूंगर महाविद्यालय प्रदेश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है।
इस गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, शोध संस्कृति, नवाचार, राष्ट्रीय शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन तथा विद्यार्थियों के समग्र व्यक्तित्व विकास को प्राथमिकता दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि महाविद्यालय की प्रगति सामूहिक सहभागिता से ही संभव है और सभी प्राध्यापकों, कर्मचारियों तथा विद्यार्थियों के सहयोग से संस्थान को नई शैक्षणिक ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास किया जाएगा।

प्रो. राजेन्द्र पुरोहित उच्च शिक्षा जगत में अपने गहन अकादमिक अनुभव, प्रशासनिक दक्षता और सृजनात्मक दृष्टि के लिए सुविख्यात हैं। उन्होंने अपने कार्यकाल में शिक्षा की गुणवत्ता, अनुसंधान, संस्थागत विकास और विद्यार्थी-केंद्रित गतिविधियों को सदैव विशेष महत्व दिया है। उनके नेतृत्व से राजकीय डूंगर महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं शोध गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद व्यक्त की जा रही है।

महाविद्यालय के शिक्षकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रो. राजेंद्र कुमार पुरोहित के नेतृत्व में संस्थान उत्कृष्टता, नवाचार और सामाजिक सरोकारों के नए प्रतिमान स्थापित करेगा तथा उच्च शिक्षा के क्षेत्र में अपनी प्रतिष्ठा को और सुदृढ़ करेगा।