



राजकीय विधि स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बीकानेर में हुआ आयोजन
बीकानेर // राजकीय विधि स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बीकानेर में आज ‘नई किरण नशा मुक्ति अभियान’ के अंतर्गत विद्यार्थियों को नशा मुक्त जीवन जीने तथा समाज को नशामुक्त बनाने की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर भगवाना राम विश्नोई ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहें और अपने जीवन को सुरक्षित एवं स्वस्थ बनाएं।
प्राचार्य ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि “नशा छोड़ो और जीवन बचाओ” केवल एक नारा नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन और बेहतर समाज के निर्माण का संकल्प है।
कार्यक्रम की नोडल डॉ रितु आचार्य ने बताया कि नशा व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करता है। युवा पीढ़ी को नशे से दूर रहकर शिक्षा, सकारात्मक सोच और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक होना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने, दूसरों को भी नशा न करने के लिए प्रेरित करने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर महाविद्यालय का शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें स्वस्थ, जिम्मेदार और नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना था।



