दो बार भाजपा जिलाध्यक्ष रह चुके विजय आचार्य को अब चूरू की कमान

राजनीति

मोहन सुराणा को गंगानगर व अखिलेश प्रताप सिंह को जोधपुर का सहप्रभारी बनाया

बीकानेर // भारतीय जनता पार्टी ने राजस्थान में अपने संगठन को मजबूत करने के लिए वरिष्ठ नेताओं को विभिन्न जिलों में संगठन प्रभारी व सह प्रभारी के दायित्व सौंपे हैं। बीकानेर भाजपा के दो बार शहर जिला अध्यक्ष रह चुके वरिष्ठ नेता विजय आचार्य को चूरू की कमान सौंपी गई है। आचार्य को चूरू जिला संगठन प्रभारी का नया दायित्व दिया गया है। इसके अलावा भाजपा के सबसे चर्चित महामंत्री रहे मोहन सुराणा को गंगानगर का सह प्रभारी बनाया गया है। बीकानेर शहर भाजपा के जिला अध्यक्ष रह चुके अखिलेश प्रताप सिंह को जोधपुर देहात का सह प्रभारी बनाया गया है। इन तीनों नेताओं की नियुक्ति 8 दिसंबर को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने की है।

चार जिलों व दो संभागों में प्रभारी रह चुके हैं विजय आचार्य

बीकानेर भाजपा के दो बार जिला अध्यक्ष रह चुके हैं विजय आचार्य इससे पहले भरतपुर, गंगानगर, हनुमानगढ़ व जैसलमेर के जिला संगठन प्रभारी रह चुके हैं। वे इसके अलावा अजमेर व भरतपुर संभाग के 9 जिलों के विस्तारक प्रभारी भी रहे हैं।

गौरतलब है कि विजय आचार्य बीकानेर भाजपा के इकलौते नेता है जिन्होंने बीकानेर संभाग के सभी जिलों में संगठन का काम किया है। वे बीकानेर में भाजपा के जिला अध्यक्ष रहने के अलावा गंगानगर व हनुमानगढ़ जिलों के भी पूर्व में प्रभारी रहे हैं और अब उन्हें चूरू की कमान सौंपी गई है।