



हिन्दू जागरण मंच के तत्वावधान में सर्वसमाज की हिन्दू धर्म यात्रा में दिखाई दी उत्साह की जबरदस्त लहर
बीकानेर // पिछले कई वर्षों से शहरवासियों के लिए बड़ा उत्सव बन चुकी नववर्ष की हिन्दू धर्म यात्रा में आज उत्साह देखने लायक था। धर्मयात्रा में शामिल हर आयु वर्ग के स्त्री पुरूषों व युवक-युवतियों का जोश चरम पर था। शहर ने भी इस धर्म यात्रा का पलक पावडे बिछाकर स्वागत किया। यात्रा का पूरे शहर में दर्जनों स्थानों पर पुष्प वर्षा से स्वागत किया गया। इसके साथ साथ यात्रा में शामिल धर्मप्रेमियों को पेय पदार्थों के साथ जोरदार मनुहारें भी की गई। इस कारण धर्म यात्रा में उत्साह की लहर देखी गई।

पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार धर्मयात्रा ठीक 3 बजे एमएम ग्राउंड से शुरू हुई जो पुष्करणा स्टेडियम, गोकुल सर्किल होते हुए नत्थूसर गेट पहुंची। यहां जोरदार स्वागत व मनुहार की गई। इसके बाद धर्मयात्रा गाजे बाजे के साथ बारहगु़वाड चौक, हर्षों का चौक, मोहता चौक, तेलीवाडा होते हुए दाऊजी मंदिर पहुंची। इस बीच जगह जगह धर्मयात्रा का स्वागत किया गया। दाऊजी मंदिर से जोशीवाडा, कोटगेट में सर्व समाज व सर्व समुदायों की ओर से भी धर्मयात्रा पर जमकर पुष्पवर्षा की गई। बाद में धर्मयात्रा केईएम रोड, सादुलसिंह सर्किल होते हुए शाम 7 बजे जूनागढ़ के आगे पहुंच धर्मसभा में तब्दील हो गई। यहां साढ़े 7 बजे बाद महाआरती का आयोजन हुआ जिसमें शहर के महंत, पीठाधीश्वरों सहित अनेक साधु संतों ने मंच पर आकर धर्मयात्रा के सफल होने की बधाई दी और महाआरती संपन्न कराई। इस दौरान जमकर आतिशबाजी भी हुई।

भीड़ को लेकर लगते रहे तरह तरह के कयास
धर्मयात्रा में उमडी भीड को लेकर तरह तरह के कयास लगते रहे। पूरे शहर में धर्मयात्रा निकलते ही लोग बाग कितनी भीड़ है का सवाल पूछते रहे। वहीं हर कोई उमड़ी भीड़ को लेकर संख्या का अनुमान व कयास लगाता नजर आया। जानकारों की मानें तो पिछले कुछ सालों से इस बार भीड़ अधिक रही। धर्मयात्रा की भीड़ का अनुमान इसी से लगाया जा सकता है कि जब धर्म यात्रा दाऊजी मंदिर के पास पहंंच चुकी थी जब तक उसका अंतिम सिरा पुष्करणा स्टेडियम के पास ही था। मौटै तैर पर इस बार धर्मयात्रा ढाई से तीन किलोमीटर लंबी थी।

विधायक भी हुए शामिल
बीकानेर पश्चिम के विधायक जेठानंद व्यास भी धर्मयात्रा में शामिल रहे। वे एक खुली जीप में सवार थे। उनके साथ किशन चौधरी, जेपी व्यास, अनिल आचार्य सहित अनेक भाजपा नेता भी मौजूद थे। वहीं हिन्दू जागरण मंच के एडवोकेट शैलेष गुप्ता व कैलाश भार्गव सहित अन्य पदाधिकारी भीड़ में ही मोर्चा संभाले हुए थे। इन लोगों का जगह जगह माल्यार्पण कर स्वागत भी किया गया। विधायक व्यास सहित हिन्दू जागरण मंच के प्रमुख पदाधिकारियों का गोकुल सर्किल, नत्थूसर गेट, बारहगुवाड, हर्षों का चौक, मोहता चौक, तेलीवाडा, दाऊजी मंदिर, जोशीवाडा, कोटगेट आदि पर जोरदार स्वागत किया गया। हर्षों के चौक में नितिन हर्ष के नेतृत्व में अनंत हर्ष, राजा हर्ष, बलदेव व्यास, शिवलाल हर्ष, काला महाराज हर्ष, विजय शंकर, अनिल बोड़ा तथा जाने माने एंकर रविन्द्र हर्ष आदि ने जमकर पुष्पवर्षा की।
एसपी सहित अनेक अधिकारी रहे मुस्तैद
धर्मयात्रा में किसी तरह का व्यवधान नहीं पहुंचे इसके लिए जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन सुबह से ही मुस्तैद था। पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर तो धर्मयात्रा में जगह जगह पैदल ही चलते नजर आए। भारी पुलिस नफरी के साथ एसपी सहित अनेक प्रशासनिक अधिकारी भी बीच बीच में धर्मयात्रा में पैदल चलते नजर आए। जिला कलेक्टर नम्रता वृष्णि ने कल ही अनेक कार्यपालक मजिस्टेट तैनात किए थे। वे सब धर्मयात्रा का हिस्सा बने हुए चलते दिखाई दिए।




