बिनानी चौक के घर में पुलिस ने दबिश देखर 14 जुआरियों को पकड़ा

क्राइम

5 लाख 23 हजार जप्त किये

बीकानेर // बीकानेर के पुराने शहर में इन दिनों कई स्थानों पर चोरी छुपे जुआ खेला जा रहा है। इस आशय की जानकारी जब आईजी हेमंत शर्मा को मिली तो उनके निर्देश पर तीन थानों की पुलिस ने शहर के बिनानी चौक स्थित एक मकान पर छापा मारा यहां पर 14 लोग जुआ खेलते पकड़े गए। पुलिस ने उनके कब्जे से 5 लाख 23 हजार रुपए बरामद किए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार बिनानी चौक में पुरुषोत्तम छंगाणी के निवास पर कई दिनों से जुआ खेलने की सूचना आ रही थी। पुलिस ने इसकी रेकी की और उसके बाद आईजी हेमंत शर्मा के निर्देश पर सीओ सिटी श्रवणदास संत के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। इस टीम में नया शहर थाना अधिकारी कविता पूनिया व कोटगेट तथा कोतवाली थाने की पुलिस की टीमों ने देर रात बिनानी चौक में दबिश दी। पुलिस को देखते ही जुआरियों में अफरा तफरी मच गई और वे भागने लगे मगर पुलिस ने कुल 14 जनों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने इनके कब्जे से 5 लाख 23 हजार रुपए नगद बरामद किए हैं।

पुलिस की इस कार्रवाई की शहर में आज दिनभर चर्चा रही। गौरतलब है कि पुराने शहर की तंग गलियों में अनेक स्थानों पर खुलेआम जुआ खेला जा रहा है। अनेक युवा भी इसकी चपेट आ रहे हैं। उन्होंने रोज जुआ खेलने की लत लग गई है। इसी तरह शहर में सट्टे का कारोबार भी फल फूल रहा है।