उदयगिरि जी महाराज की बरसी पर अभिषेक, साधु-संतों का सम्मान और महाप्रसादी का आयोजन

धर्म-कर्म

बीकानेर। // उदयगिरि जी महाराज की बरसी के अवसर पर उनके समाधि स्थल पर श्रद्धा और भक्ति के साथ विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। दोपहर में विधि-विधान से अभिषेक किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर आस्था प्रकट की।

बरसी के अवसर पर पूरे मंदिर परिसर को रंगीन रोशनी से आकर्षक रूप से सजाया गया तथा महाप्रसादी का भी आयोजन किया गया। अभिषेक कार्यक्रम में संतोष हर्ष, अशोक कुमार पुरोहित, करणीदान हर्ष, समाजसेवी चंद्रेश हर्ष, पंचरत्न खेमचंद हर्ष सहित अनेक भक्तजन उपस्थित रहे और पूजा-अर्चना में भागीदारी निभाई।

अशोक पुरोहित ने बताया कि इस दौरान साधु-संतों को समाजसेवी चंद्रेश हर्ष और करणीदान हर्ष के सानिध्य में आदरपूर्वक भोजन कराया गया तथा दक्षिणा देकर उनका सम्मान किया गया। इस अवसर पर मदन मोहन हर्ष, राधा कृष्ण हर्ष, बलदेव व्यास सहित आयोजन से जुड़े कई पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

श्रद्धालुओं का मानना है कि उदयगिरि जी महाराज के दर्शन और उनके प्रति श्रद्धा रखने वाले भक्तों को सदैव सुख, शांति और समृद्धि प्राप्त होती है। उनके चमत्कारों से जुड़े कई प्रेरणादायक प्रसंग भक्तों के बीच प्रचलित हैं। महाप्रसादी और महाआरती के समय बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित होकर धर्म लाभ प्राप्त करते हैं।